निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक का वित्त वर्ष 2013-14 की जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 23.1 फीसदी बढ़कर 2,326.52 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने पिछले साल समान तिमाही में 1,889.84 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।
बैंक की ओर से जारी बयान के मुताबिक समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की कुल आमदनी 14.9 फीसदी बढ़कर 12,790 करोड़ रुपये हो गई। जनवरी-मार्च 2013 में कंपनी की कुल आय 11,127.5 करोड़ रुपये थी। बैंक की ब्याज से शुद्ध आय 15.3 फीसदी बढ़कर 4,952.6 करोड़ रुपये हो गई।
बैंक के निदेशक मंडल ने 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 2 रुपये .मूल्य के प्रति इक्विटी शेयर 6.85 रुपये का लाभांश देने की सिफारिश की है। पूरे वित्त वर्ष 2013-14 में बैंक का शुद्ध लाभ 26 फीसदी बढ़कर 8,478.4 करोड़ रुपये हो गया, जो 2012-13 में 6,726.28 करोड़ रुपये था।
एमआरएफ का लाभ 19 फीसदी घटा: टायर निर्माता एमआरएफ का गत 31 मार्च को समाप्त तिमाही में शुद्ध लाभ 18.86 फीसदी घटकर 170.87 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 210.61 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था। हालांकि, जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की शुद्ध बिक्री बढ़कर 3,297.40 करोड़ रुपये हो गई।