सरकार ने एक्सिस बैंक में अपनी करीब आधी हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है। देश में निजी क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े बैंक में सरकारी हिस्सेदारी बिकने से करीब 5,700 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।
आर्थिक मामलों के सचिव अरविंद मायाराम ने बताया कि सरकार शुक्रवार को एक्सिस बैंक की हिस्सेदारी बेची जाएगी। इसके लिए ब्लॉक डील का रास्ता अपनाया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि इस डील के बारे में गत बुधवार को मर्चेंट बैंकरों ने एसयूयूटीआई के अधिकारियों से मुलाकात की थी।
वर्ष 2003 में बने स्पेशल अंडरटेकिंग ऑफ यूटीआई (एसयूयूटीआई) के जरिए यूटीआई की 20.72 फीसदी हिस्सेदारी अभी सरकार के पास है। इसमें से सरकार ने 9 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है। इस सौदे के तहत सरकार करीब 4.2 करोड़ शेयर बेचेगी। इसके लिए 1290-1375 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया गया है।