अब आप साइकिल चलाकर भी बिजली पैदा कर सकते हैं। बिजली पैदा करने के लिए आपको सिर्फ स्थिर साइकिल चलाना होगा और इससे अधिकतम 40 बल्बों को रोशन किया जा सकता है। इस तकनीक को ईजाद किया है अरबपति परोपकारी मनोज भार्गव ने। भार्गव वर्ष 2016 के मार्च तक भारत में बिजली पैदा करने वाली 10,000 स्थिर साइकिल लाने जा रहे हैं।
एक साइकिल की कीमत 12-15 हजार रुपये होगी। साइकिल के पैडल एक घंटे तक चलाने से किसी ग्रामीण परिवार की 24 घंटे की बिजली की जरूरतें पूरी की जा सकती है। इनमें लाइट जलाने, छोटा पंखा चलाने और मोबाइल चार्ज करने जैसी चीजें शामिल हैं। बिजली की यह सुविधा उस परिवार को मुफ्त में मिलेगी।
इन जरूरतों को पूरा करने के बदले उस परिवार को किसी बिल का भुगतान नहीं करना होगा, किसी तरह के ईंधन का इस्तेमाल नहीं करना होगा और बिजली उत्पन्न करने के दौरान किसी प्रकार का कोई कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा। हालांकि भार्गव ने यह खुलासा नहीं किया कि इस साइकिल के निर्माण पर वह कितना निवेश करेंगे और भारत के किस स्थान पर इन साइकिलों का निर्माण किया जाएगा।