पिज्जा बनाने वाली कंपनी डोमिनोज का कोका कोला से 20 साल पुराना गठबंधन टूट गया है। अब डोमिनोज के किसी भी आउटलेट पर आपको कोका कोला के कोई भी उत्पाद नहीं मिलेंगे। ऐसा निर्णय कंपनी ने अपनी लागत को कम करने के लिए लिया है।
अब पिज्जा के साथ मिलेगा यह सॉफ्टड्रिंक
जल्द ही डोमिनोज के ग्राहकों को पिज्जा के साथ कोका कोला की जगह पेप्सीको के सॉफ्ट ड्रिंक्स मिलेंगे। डोमिनोज ब्रांड को चलाने वाली कंपनी जुबिलिएंट फूडवर्क्स लिमिटेड कंपनी ने इसके बारे घोषणा करते हुए कहा कि यह हमें अगले चरण में ले जाएगा।
अभी तक पेप्सी प्रतिद्वंदी कंपनी पिज्जा हट के ग्राहकों को मिलती थी, लेकिन अब डोमिनोज के आउटलेट में भी लोगों को पेप्सी ही मिलेगी। कोका कोला केवल अब मैकडोनल्ड के आउटलेट्स पर मिलेगा।
इस वजह से लिया फैसला
जुबिलिएंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जेएफएल) ने कहा है कि हम एक ऐसे ब्रीवरेज पार्टनर को ढूंढ रहे हैं, जो हमारे पोर्टफोलियो को मजबूती प्रदान करे।
देश भर में हैं 1100 से ज्यादा आउटलेट्स
डोमिनोज के पूरे देश में कुल 1144 आउटलेट्स हैं, जो कि पूरे देश में क्विक सर्विस रेस्टोरेंट में सबसे ज्यादा हैं। पिज्जा हट के आउटलेट की संख्या डोमिनोज से काफी कम है। विश्व के 85 देशों में डोमिनोज के आउटलेट्स हैं और कोका कोला के साथ यह करार पूरे विश्व के लिए है।
कोका कोला के लिए खतरा
डोमिनोज के इस फैसले से कोका कोला के लिए खतरा काफी बढ़ गया है, क्योंकि ऐसा होने से बाजार में कंपनी की साख में गिरावट देखने को मिलेगी। इससे कोका कोला की बिक्री पर भी असर पड़ेगा। अब कोका कोला के साथ केवल मैकडोनल्ड ही जुड़ा हुआ है। जबकि पिज्जा हट, केएफसी और टाको बेल जैसे ब्रांड पेप्सीको के साथ लंबे समय से जुड़े हुए हैं। डोमिनोज के भी पेप्सीको के साथ आने से इसकी साख में और बढ़ोतरी होगी।