विमान नियामक डीजीसीए ने इंडिगो को राहत देते हुए ए320 नियो विमानों में लगे प्रैट एंड व्हिटनी इंजन (P&W Engine) को बदलने की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। इसके लिए विमान नियामक ने निर्देश जारी किए हैं। डीजीसीए ने प्रैट एंड व्हिटनी के उन सभी इंजनों को बदलने के लिए इंडिगो को दी गई समयसीमा 31 जनवरी से बढ़ाकर 31 मई कर दी है जिनमें सुधार नहीं किया गया था।
डीजीसीए ने दिया बयान
इस संदर्भ में डीजीसीए ने सोमवार को कहा कि उसने प्रैट एंड व्हिटनी (पीडब्ल्यू) के उन सभी इंजनों को बदलने के लिए इंडिगो को दी गई समयसीमा 31 जनवरी से बढ़ाकर 31 मई कर दी है, जिनमें सुधार नहीं किया गया था। बता दें कि डीजीसीए ने एक नवंबर को कहा था कि चीजें ठीक करने के लिए तत्काल उपाय आवश्यक हैं।
बदलने थे इतने इंजन
डीजीसीए ने इंडिगो को 16 ए320 नियो विमानों का इंजन बदलने के लिए समय दिया था। इसके साथ ही गो एयर को 13 विमानों में इंजन को बदलना था। इंडिगो को 23 अन्य ए320 नियो विमानों का इंजन बदलना था।
पहले दिया था 31 जनवरी तक का आदेश
पहले एक नवंबर को विमान नियामक डीजीसीए ने इंडिगो को आदेश देते हुए कहा है कि वो अगले साल 31 जनवरी तक अपने सभी ए320नियो विमानों में लगे पीडब्ल्यू इंजन को बदल लें। 48 फीसदी शेयर के साथ इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी है।
2016 में इंडिगो ने इन विमानों को किया था शामिल
2016 में इंडिगो और गो एयर ने इन विमानों को अपने बेड़े में शामिल किया था, जिसके बाद से इनकी दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। उड़ान भरने के बाद, या फिर जमीन पर खड़े रहने पर भी कई बार इंजन फेल हो जाता है। इससे हवाई यात्रियों की सुरक्षा पर काफी असर पड़ता है ।