रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और भारत के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने प्रधानमंत्री के नोटबंदी के फैसले की प्रशंसा की है। मुकेश अंबानी के मुताबिक इस फैसले से सारा अनुत्पादक पैसा उत्पादक प्रयोग में आ सकेगा।
रिलायंस जियो सिम पर फ्री कॉल और डाटा की अवधि अगले साल 31 मार्च तक बढ़ाए जाने की सूचना देते हुए अंबानी ने कहा कि वह 1000 और 500 के पुराने नोटों को बंद किए जाने के साहसिक कदम की प्रशंसा करते हैं और इसके लिए पीएम मोदी को शुभकामनाएं देते हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी द्वारा उठाया गया यह कदम देश को डिजिटली सक्षम बनाने और सर्वोत्तम नकदी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया मजबूत कदम है। यह फैसला देश की जनता की सोच बदलने का काम करेगा जिससे डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा व भारत की अर्थव्यवस्था पारदर्शी और मजबूत होगी। मुझे विश्वास है कि इस कदम से हर स्तर पर जवाबदेही बढ़ेगी और इसका सबसे ज्यादा लाभ आम जनता को मिलेगा।
अब 31 मार्च तक फ्री हुईं जियो की सभी सेवाएं
मुकेश अंबानी
- फोटो : file photo
मुकेश अंबानी ने अपनी टेलीकॉम कंपनी जियो के ग्राहकों को शानदार तोहफा दिया। कंपनी ने जियो 4जी सिम के ग्राहकों के लिए 31 मार्च तक सभी सेवाएं मुफ्त कर दी हैं। अभी तक 31 दिसंबर तक ये सेवाएं मुफ्त थीं।
कंपनी के मुताबिक जियो के ग्राहकों के लिए हैपी न्यू ईयर प्लान पेश किया गया है जिसके तहत 31 मार्च तक असीमित डाटा, कॉल, वीडियो और वाई-फाई पूरी तरह से मुफ्त रहेगी। अंबानी ने कहा कि जियो एक डाटा-स्ट्रांग नेटवर्क है और भारत का हर एक जियो ग्राहक एक औसत ब्रॉडबैंड उपभोक्ता की तुलना में 25 गुना ज्यादा डाटा का उपयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि जियो लांच होने के पहले तीन महीनों में यह वॉट्सऐप, फेसबुक और स्काइप से कहीं ज्यादा तेजी से आगे बढ़ी है।
जियो को गत पांच सितंबर को लांच किया गया था। रिलायंस की 4जी जियो सिम सेवा को लेकर हाल ही में जारी आंकड़ों के मुताबिक जियो ने तीन महीने से भी कम वक्त में पांच करोड़ ग्राहक जोड़े हैं। कंपनी के पास पूरे देश में 4जी सेवाएं देने का लाइसेंस है।
कंपनी के मुताबिक चार दिसंबर से हर नए जियो उपभोक्ता के लिए डेटा, वॉयस, जियो ऐप 31 मार्च तक मुफ्त रहेगा। जियो के मौजूदा 5.2 करोड़ उपभोक्ता 31 दिसंबर तक मुफ्त सेवा पाते रहेंगे और उसके बाद उनकी सेवा आगामी 31 मार्च तक हैपी न्यू ईयर में स्थानांतरित कर दी जाएगी। अंबानी ने कहा कि जियो में मोबाइल नंबर पोर्टेबलिटी की सुविधा है। हमने जियो सिम की होम डिलिवरी भी शुरू की है। केवाईसी दस्तावेज होने पर जियो सिम पांच मिनट में एक्टिवेट हो जाएगा।