कोरोना का IRCTC की कमाई पर असर
- फोटो : पेक्सेल्स
कोरोना वायरस माहमारी का असर सभी उद्योगों पर पड़ा है। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं, जिसके अनुसार कंपनी को पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 38 फीसदी शुद्ध मुनाफा हुआ है। यानी इस दौरान आईआरसीटीसी के शुद्ध मुनाफे में 62 फीसदी की कमी आई है।
78 करोड़ रुपये हुआ शुद्ध लाभ
दिसंबर 2020 में समाप्त तिमाही में आईआरसीटीसी को 78 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है। दरअसल बीते साल कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए कईं ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी। इससे आईआरसीटीसी के शुद्ध लाभ में कमी आई है।
245.23 करोड़ रुपये रह गई कमाई
आईआरसीटीसी द्वारा शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2020-21 की तीसरी तिमाही में कर निकालने के बाद कंपनी को 78 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। इससे पिछले साल यानी वित्त वर्ष 2019-20 की समान अवधि के दौरान कंपनी को 205.80 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। इस दौरान कंपनी की कुल कमाई भी घटी है। यह 245.23 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 734.98 करोड़ रुपये रही थी।
कंपनी का खर्च भी हुआ कम
कंपनी के खर्च की बात करें, तो परिचालन कम होने से अक्तूबर-दिसंबर 2020 में कंपनी का खर्च कम होकर 140.74 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही के दौरान यह आंकड़ा 464.56 करोड़ रुपये था।
इस संदर्भ में कंपनी ने बताया कि उसके परिचालन आय में कमी की सबसे बड़ी वजह कोरोना वायरस महामारी है, जिसके कारण ट्रेनों को चलाने पर रोक लगाई गई है। रेलवे बोर्ड को आईआरसीटीसी की ओर से चलाई जाने वाली उन ट्रेनों के लिए फिक्स्ड कमिटमेंट्स में छूट देने का प्रस्ताव भेजा गया है, जो कोरोना संकट के चलते 16 अक्तूबर 2020 तक नहीं चलाई जा सकीं।