देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच भारतीय उद्योग जगत अपने कर्मचारियों उनके परिवार की मदद के लिए आगे आया है। अनेक कंपनियां कोविड महामारी से संक्रमित कर्मचारियों के परिवारों को वित्तीय मदद, दवाएं और अन्य सहायता उपलब्ध करा रही हैं। देश में कोविड महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर कंपनियां बीमा की सुविधा भी प्रदान कर रही हैं ताकि वे स्वयं अपना और अपने परिवार का बिना किसी चिंता के ख्याल रख सके। अब निर्माण कंपनी लार्सन एंड ट्यूब्रो (एल एंड टी) ने इस संदर्भ में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने कोविड-19 के कारण जान गंवाने वाले कर्मचारियों को परिजनों को बड़ी राहत दी है।
लार्सन एंड ट्यूब्रो ने बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए वित्तीय और बीमा सहायता की घोषणा की। एल एंड टी के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कोविड-19 के मद्देनजर एक कर्मचारी 12 महीने की अवधि के लिए 35 लाख रुपये की बीमा राशि का लाभ उठा सकेगा।
कोविड-19 से मृत्यु होने पर मिलेगा इतना क्लेम
एल एंड टी ने कहा कि पॉलिसी कोविड-19 के कारण किसी कर्मचारी की मृत्यु की स्थिति में 100 फीसदी बीमा राशि (35 लाख रुपये) का एकमुश्त भुगतान प्रदान करेगी। यह पॉलिसी 'ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी' के अतिरिक्त है, जिसमें कर्मचारियों को 50 से 60 लाख रुपये तक का कवर मिलता है।
कर्मचारियों के बच्चों को शिक्षा की सहायता
इसके अतिरिक्त सेवा के दौरान मरने वाले कर्मचारियों के बच्चों के लिए शिक्षा की सहायता प्रदान की जाएगी। तीन वर्ष से 25 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को यह सुविधा मिलेगी। एल एंड टी के अनुसार, जो छात्र प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, सेकेंडरी, जूनियर और सीनियर कॉलेज और प्रोफेशनल कोर्स में हैं, वे इस योजना के तहत पात्र हैं।
मालूम हो कि देश में कोरोना की दूसरी लहर में भले ही अब दैनिक संक्रमित मामले कम हो रहे हो लेकिन वैक्सीन की कमी अब बहुत बड़ी चिंता बन गया है। कोरोना के अलावा ब्लैक फंगस और व्हाइट फंगस के भी कई मामले में देश में दर्ज किए गए हैं। सोमवार को देश में येलो फंगस का एक मामला उत्तर प्रदेश में दर्ज किया गया। वहीं देश में 41 दिन बाद कोरोना के दैनिक मामले दो लाख से कम आए हैं। इसके अलावा रूस से कोविड मदद अभी भी जारी है।