कोल इंडिया ने कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए प्रधानमंत्री आपदा राहत एवं नागरिक सहायता (पीएम केयर्स) कोष में 221 करोड़ रुपये दिए हैं। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
कर्मचारियों ने दिया एक-एक दिन का वेतन
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि कोल इंडिया के कर्मचारियों ने स्वेच्छा से एक-एक दिन का वेतन दिया है। इस तरह से पीएम केयर्स कोष में 61 करोड़ रुपये दिए गए।
सीएसआर के तहत 160 करोड़ रुपये
इसके अलावा कंपनी ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पीएम केयर्स कोष में 160 करोड़ रुपये दिए। अधिकारी ने कहा कि संकट के मौजूदा समय में तमाम चुनौतियों के बाद भी कंपनी कोयला का उत्पादन जारी रखे हुए है।
सरकार ने किया पीएम केयर्स का गठन
दरअसल कोरोना वायरस महामारी के खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष’ (पीएम केयर्स) का गठन किया है। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में देश की जानी-मानी हस्तियों और उद्योगपतियों ने राहत कोष में सहयोग दिया है। कई दिग्गजों ने इस बीमारी से लड़ने में मदद के लिए कदम उठाए हैं।
वित्त मंत्री ने भी की आर्थिक सहायता
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी कोविड- 19 को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में मदद के लिए पीएम केयर्स फंड में अपने वेतन से एक लाख रुपये की सहायता की। आइए जानते हैं किस दिग्गज कंपनी व सिलेब्रिटी ने पीएम केयर्स फंड में कितना सहयोग दिया है।