एयर इंडिया मुंबई के पॉश नरीमन प्वाइंट इलाके में स्थित अपनी 23 मंजिली ऐतिहासिक इमारत ‘एयर इंडिया भवन’ को बेचकर कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे जुटाएगी। यह बात केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा नौवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कही, जो एयर इंडिया के विनिवेश के लिए बनाये गए मंत्री समूह के सदस्य भी हैं।
अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत में नितिन गडकरी ने बताया कि इस समय एयर इंडिया को कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करने में दिक्कत हो रही है, इसलिए उसे पैसे की जरूरत है।
इसी जरूरत को पूरा करने के लिए उसकी मुंबई के नरीमन प्वाइंट इलाके की 23 मंजिली इमारत बेची जाएगी। इसे नौवहन मंत्रालय के तहत काम करने वाला जवाहर लाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) खरीदेगा।
चल रहा है कीमत आंकने का काम
उन्होंने बताया कि इस समय जहाजरानी मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की तरफ से इस इमारत की कीमत आंकने का काम चल रहा है। उम्मीद है कि एक-आध सप्ताह में ही कुछ खबर आ जाए।
उनका कहना है कि नरीमन प्वाइंट का एयर इंडिया भवन देश की शान है और इससे उनका भावनात्मक जुड़ाव है। इसलिए वह चाहते हैं कि इसे जेएनपीटी खरीद ले। यह भवन 1974 में बना था।