खनन क्षेत्र में भारत की अदाणी ग्रुप को ऑस्ट्रेलियाई कोर्ट की तरफ से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने पर्यावरण कार्यकर्ताओं के उस आवेदन को खारिज कर दिया जिसमें 16।5 अरब डॉलर की इस विवादास्पद कोयला खान परियोजना को रोकने की गुहार लगाई गई थी। हालांकि, कोर्ट ने कहा कि कंपनी ने नौकरी और रॉयल्टी सहित आर्थिक लाभों को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया है।
अदाणी ग्रुप की यह बड़ी परियोजना क्वींसलैंड के गैलिली बेसिन में स्थित है। परिचालित होने पर यह ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा कोयला खान होगा। ब्रिसबेन लैंड कोर्ट में पर्यावरण संरक्षण समूह ने इसे चुनौती दी थी कि इससे भूजल, जलवायु परिवर्तन और जैव-विविधता प्रभावित होगी जिसमें दुर्लभ प्रजाति के कुछ जीव भी शामिल हैं।
संरक्षणवादियों को इस बात की आशंका है कि अदाणी की इस परियोजना से ग्रेट बैरियर रीफ और दुर्लभ प्रजातियां प्रभावित होंगी जबकि वैश्विक जलवायु परिवर्तन की स्थिति और बदतर होगी।