कोरोना वायरस न सिर्फ लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है बल्कि, यह दुनियाभर की अर्थव्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा रहा है। कोरोना वायरस का बुरा असर भारत की अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में पश्चिम बंगाल में एक नया ही मामला देखने को मिल रहा है। दरअसल जिस तेजी से कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है, उसको लेकर बाजार बंद होने की आशंका को देखते कई जगहों पर लोगों में घबराहट का माहौल देखा जा रहा है। ऐसा ही हाल पश्चिम बंगाल में देखने को मिला जब बाजार बंद के डर से लोगों ने जरूरत से ज्यादा सामानों की खरीद शुरू कर दी। इसके चलते पश्चिम बंगाल के कुछ जगहों पर आलू की थोक एवं खुदरा कीमतें 20 प्रतिशत तक बढ़ गयी हैं।
बाजार सूत्रों के मुताबिक कारोबारियों का कहना है कि आलू की ‘ज्योति’ किस्म सात दिनों पहले 15 से 17 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही थी, लेकिन अचानक से आई मांग में बढ़ोतरी ने इसके भाव कुछ खुदरा बाजारों में 20-22 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा दिए हैं। यहां हैरान करने वाली बात यह है कि चुनिंदा ई-वाणिज्य मंचों पर इसकी बिक्री 25 रुपये प्रति किलोग्राम तक की दर से की जा रही है।
कारोबारियों ने बताया कि दूसरे राज्यों से बढ़ रही मांग के चलते आलू की थोक कीमतें एक सप्ताह पहले के 10-11 रुपये के मुकाबले 13 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी है। इस बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के कृषि सलाहकार प्रदीप मजुमदार ने लोगों से नहीं घबराने और जरूरत के सामानों की अनावश्यक खरीद नहीं करने की अपील की है।
कोरोनावायरस का कहर
कोरोनावायरस दुनिया भर में कहर बन कर टूटा है। इस वायरस ने दुनियाभर में अब तक 11,000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। वहीं, 272,000 से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हो चुके हैं। भारत की बात की जाए तो कोरोनावायरस के अब तक 300 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।