दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी वॉलमार्ट के अनुसार, 31 अक्तूबर में समाप्त तिमाही के दौरान उसके अंतरराष्ट्रीय कारोबार की कुल बिक्री 1.3 फीसदी बढ़कर 29.6 अरब अमेरिकी डॉलर रही और इसमें फ्लिपकार्ट और फोनपे का जोरदार योगदान रहा। कंपनी ने बताया कि फ्लिपकार्ट और फोनपे के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या 'सर्वकालिक ऊंचाई' पर है।
2018 में हासिल की थी फ्लिपकार्ट में हिस्सेदारी
अमेरिका स्थित वॉलमार्ट ने 2018 में भारतीय ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में 16 अरब अमेरिकी डॉलर में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल की थी। एक बयान में वॉलमार्ट ने कहा कि उसके अंतरराष्ट्रीय कारोबार की कुल बिक्री 1.3 फीसदी बढ़कर 29.6 अरब डॉलर रही और विनिमय दरों में नकारात्मक असर के कारण उसकी कुल बिक्री पर करीब 1.1 अरब डॉलर का असर पड़ा।
पांच फीसदी बढ़ी कुल बिक्री
कंपनी ने कहा, 'विनिमय दर के असर को छोड़ दें तो कुल बिक्री पांच फीसदी बढ़कर 30.6 अरब डॉलर रही, जिसकी अगुवाई फ्लिपकार्ट, कनाडा और वॉलमेक्स ने की। फ्लिपकार्ट ने रिकॉर्ड सक्रिय मासिक उपयोगकर्ताओं के चलते शुद्ध बिक्री में जोरदार वृद्धि दर्ज की।'
इस संदर्भ में वॉलमार्ट के अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक सी डगलस मैकमिलन ने भी भारतीय इकाइयों के मजबूत प्रदर्शन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, 'भारत में फ्लिपकार्ट और फोनपे के तिमाही नतीजे मजबूत थे। इन मंचों के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या सर्वकालिक उच्च स्तर पर है।'