US: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 90 दिनों के लिए अधिकांश देशों पर लगाए गए टैरिफ को अस्थायी रूप से वापस लेने की घोषणा की, जिससे अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी आई और एसएंडपी 500 ने 9.5% की वृद्धि दर्ज की। हालांकि, चीन पर 125% टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी के साथ व्यापार युद्ध का खतरा अब भी बना हुआ है।
अमेरिका के शेयर बाजार में बुधवार को उस समय उछाल आया, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह अधिकांश देशों पर लगाए गए टैरिफ को अस्थायी रूप से वापस लेंगे। निवेशक भी ट्रंप से यही उम्मीद कर रहे थे। इसके बाद शेयर बाजार में एक जबरदस्त उछाल देखने को मिला। अमेरिकी शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक एसएंडपी500 बुधवार को 9.5 फीसदी बढ़ा, जो एक अच्छे साल के बराबर है। यह उछाल उस समय आया, जब पहले निवेशकों को डर था कि ट्रंप का टैरिफ युद्ध पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को मंदी में धकेल सकता है।
विज्ञापन
ट्रंप ने कहा, 'मैंने 90 दिनों के लिए टैरिफ पर रोक लगाने का आदेश दिया है।' उन्होंने यह भी बताया कि 75 से ज्यादा देशों ने व्यापार को लेकर बातचीत की है और उन्होंने उनके टैरिफ पर कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की है। वहीं, ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ट्रंप ने ज्यादातर देशों पर लगाए गए टैरिफ को 90 दिनों के लिए रोक दिया है। लेकिन उन्होंने दुनिया भर से आने वाले सामानों पर दस फीसदी टैरिफ बनाए रखा है।
हालांकि, इस मामले में ट्रंप अपवाद है। ट्रंप ने कहा कि वह चीन के उत्पादों पर टैरिफ को 125 फीसदी तक बढ़ाएंगे। इससे वित्तीय बाजारों में भविष्य में उतार-चढ़ाव की संभावना बढ़ गई है। व्यापार युद्ध खत्म नहीं हुआ है। दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की लड़ाई से दुनिया को नुकसान हो सकता है। अमेरिकी शेयर भी अभी तक उस स्तर से नीचे हैं, जहां एक हफ्ते पहले थे, जब ट्रंप ने कथित 'मुक्ति दिवस' की घोषणा की थी।
लेकिन बुधवार को वॉल स्ट्रीट पर स्थिति अच्छी रही। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज ने 2,962 अंक (7.9%) की बढ़त दर्ज की। नैस्डैक कंपोजिट ने 12.2% की बढ़त हासिल की। एसएंडपी 500 ने 1940 के बाद से अपना तीसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।
यह राहत उस समय मिली, जब यह सवाल उठने लगे थे कि क्या ट्रंप को इस बात की चिंता है कि उनके टैरिफ के कारण अमेरिकी शेयर बाजार को जो वित्तीय नुकसान हो रहा है, वह उन्हें प्रभावित करता है। एसएंडपी 500 इंडेक्स कई सेवानिवृत्त लोगों के खातों का हिस्सा है। एसएंडपी 500 अपने पिछले सबसे ऊंचे स्तर से लगभग 19% नीचे था, और वह ऊंचा स्तर सिर्फ दो महीने पहले था।