रिलायंस जियो के फ्री कॉल और 4जी डाटा ऑफर ने टेलिकॉम कंपनियों में ग्राहकों को जोड़े रखने की दौड़ मच गई है। जियो की मोबाइल बाजार में धमाकेदार एंट्री के बाद अन्य कंपनियों पर डाटा के रेट घटाने का दबाव बढ़ गया है।
इसी क्रम में एयरटेल के बाद वोडाफोन ने भी अपने डाटा प्लान में कटौती कर दी है। नए प्लान के मुताबिक ग्राहक को 4जी स्मार्टफोन लेना होगा और उसमें एक जीबी का 4जी रिचार्ज करवाना पड़ेगा जिसकी कीमत 250 रुपए है।
इसके बाद उस नंबर पर 9 जीबी डाटा और फ्री दिया जाएगा। इस प्रकार एक जीबी की कीमत 25 रुपए प्रति जीबी पड़ेगी। इस ऑफर की वैधता 90 दिनों तक रहेगी। ये कटौती वोडाफोन के सभी 16 सर्किल्स में लागू होगी पर उसके नियम कुछ सर्किल में अलग रखे गए हैं।
इन सर्किल्स के ग्राहक किसी भी समय कर सकेंगे फ्री डाटा का इस्तेमाल
इंटरनेट
- फोटो : gettyimages
मसलन अगर आप दिल्ली-एनसीआर,मुंबई और कोलकाता में रहते हैं तो आप फ्री डेटा का इस्तेमाल आप किसी भी समय कर सकेंगे। वहीं अगर आप यूपी-ईस्ट या वेस्ट, हरियाणा, कर्नाटक, गुजरात, वेस्ट बंगाल, केरला, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गोवा, असम, नॉर्थ ईस्टर्न राज्य और राजस्थान में रहते हैं तो फ्री डाटा का इस्तेमाल रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच करना होगा।
कंपनी ने नए ग्राहकों को जोड़ने के लिए इस ऑफर पर एक शर्त भी लगायी है जिसके अनुसार अगर आप ने 4जी फोन पर पिछले छह माह के अंदर वोडाफोन का नंबर इस्तेमाल किया है तो आप इस ऑफर का लाभ नहीं ले सकेंगे।
वोडाफोन इंडिया के डायरेक्टर (कमर्शियल) संदीप कटारिया के मुताबिक, 'हम 4जी हैंडसेट इस्तेमाल करने वाले नए कस्टमर्स को वोडाफोन सुपर नेट का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।' ऑफर का उपयोग 31 दिसंबर 2016 तक प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों कस्टमर कर सकते हैं।