Saudi Prince Alwaleed and Elon Musk
- फोटो : Social Media
अरबपति कारोबारी एलन मस्क के माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर को खरीदने के प्रस्ताव ने कंपनी के एक बड़े हिस्सेदार को उनके खिलाफ खड़ा कर दिया है। ट्विटर का यह शेयर होल्डर सऊदी अरब का एक प्रिंस है। मस्क की पेशकश की सऊदी प्रिंस अलवलीद बिन तलाल ने तीखी आलोचना की है।
एलन मस्क ने गुरुवार को एक बड़ा प्रस्ताव देकर खलबली मचा दी थी। हाल ही में ट्विटर में 9.2 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के बाद दुनिया के सबसे अमीर शख्स ने ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया था। इसके लिए उन्होंने 41.39 अरब डॉलर (3.2 लाख करोड़ रुपये) नकद चुकाने की बात कही थी।
मस्क की इस पेशकश पर प्रिंस तलाल ने एक ट्वीट में कहा कि मुझे नहीं लगता है कि एलन मस्क की ओर से प्रस्तावित ट्विटर के एक शेयर की कीमत (54.20 डॉलर) कंपनी की विकास संभावनाओं को देखते हुए इसके आंतरिक मूल्य के आस-पास भी है। उन्होंने आगे कहा कि ट्विटर के सबसे बड़े और लंबे समय से शेयरधारकों में से एक होने के नाते मैं और किंगडम होल्डिंग कंपनी इस प्रस्ताव को अस्वीकार करते हैं।
प्रिंस तलाल की इस प्रतिक्रिया पर एलन मस्क ने उनसे दो सवाल पूछे हैं। उन्होंने पहला सवाल पूछा है कि ट्विटर के कितने हिस्से पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से किंगडम का मालिकाना हक है? दूसरा सवाल पूछा है कि पत्रकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर किंगडम का क्या रुख है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्विटर को खरीदने के इस ऑफर के तहत मस्क ट्विटर के हर शेयर के बदले 54.20 डॉलर के हिसाब से भुगतान करने के लिए तैयार हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि 50 वर्षीय मस्क ने गुरुवार को यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के साथ फाइलिंग में इस प्रस्ताव की जानकारी दी है।
इस एलान के बाद ट्विटर के शेयर बुधवार को 3.10 फीसदी तक उछलकर 45.85 डॉलर के स्तर पर बंद हुए थे।