माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर जल्द ही दुनिया के सबसे रईस इंसान एलन मस्क के हाथों में जाने वाला है। एक रिपोर्ट में इस मामले को करीब से जानने वाले लोगों के हवाले से कहा गया है कि इस पर फैसला जल्द हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, ट्विटर इंक TWTR.N एलन मस्क के प्रस्तावित 54.20 डॉलर प्रति शेयर नकद में खरीदने के सौदे के बेहद करीब है। बता दें कि मस्क ने 43 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदने के लिए प्रति शेयर इतना भुगतान का ऑफर दिया था। मस्क ने कहा था कि यह उनका 'सर्वश्रेष्ठ और अंतिम' ऑफर है।
बोर्ड कर रहा प्रस्ताव पर पुनर्विचार
गौरतलब है कि इससे पहले आई एक रिर्पो में भी यह दावा किया गया था कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के ट्विटर को खरीदने की चर्चा ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है। एक ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर का बोर्ड मस्क के प्रस्ताव पर पुनर्विचार कर रहा है। ये रिपोर्ट मस्क के उस बयान के बाद सामने आई है जिसमें उन्होंने कहा है कि उनके पास इस डील के लिए पर्याप्त फंडिग है।
अच्छे ऑफर की तलाश में ट्विटर
रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई थी और संभावना है कि जल्द ही इस पर कोई बड़ा फैसला लिया जा सकता है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि ट्विटर बोर्ड एलन मस्क से चर्चा करके और भी अच्छे ऑफर की तलाश में है। इससे पहले भी जब एलन मस्क ने बोर्ड को पत्र लिखकर ट्विटर को खरीदने का अपना ऑफर दिया था तब भी ट्विटर की ओर से इस पर विचार करने की बात कही गई थी। आपको बता दें कि हाल ही में ट्विटर बोर्ड ने प्वाइजन पिल प्लान अपनाते हुए एलन मस्क के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इसके बाद भी मस्क ने इस डील को लेकर कई ट्वीट किए और अब इस रिपोर्ट में संभावना जताई गई है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत की पहले से ज्यादा उम्मीद है। बीते गुरुवार को टेस्ला सीईओ ने कहा था कि उन्होंने इस डील के लिए 46.5 अरब डॉलर की रकम इकठ्ठा कर ली है।
मस्क ने दिया है ये बड़ा ऑफर
गौरतलब है कि एलन मस्क ने बीते गुरुवार को 43 अरब डॉलर (3.2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा) में ट्विटर को 100 फीसदी खरीदने का ऑफर दिया है। नई रिपोर्ट के अनुसार ट्विटर मस्क के साथ ये डील करने की तैयारी में लग रहा है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इसका मतलब ये कतई नहीं है कि ट्विटर मस्क के 54.20 डॉलर प्रति शेयर डील को मान ही लेगा। कंपनी इसके लिए मस्क के साथ बातचीत करके और भी ज्यादा अच्छे ऑफर की तलाश करेगी।
शेयरों की ये कीमत चुकाने को तैयार
इस डील के लिए एलन मस्क हर शेयर का 54.20 डॉलर नकद में देने को तैयार हैं। इससे पहले कंपनी में मस्क ने 9.2 फीसदी की हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद सबसे बड़े हिस्सेदार के रूप में कंपनी ने मस्क बोर्ड में शामिल करने का ऑफर दिया था, लेकिन मस्क ने इसे ठुकरा दिया था। इसके बाद एकदम से उन्होंने ट्विटर को पूरा खरीदने का ऑफर दे दिया और बाकायदा इसके लिए बोर्ड को एक पत्र भी लिखा।
पत्र में मस्क ने कही बड़ी बात
ट्विटर को खरीदने के लिए एलन मस्क ने कंपनी बोर्ड को जो पत्र लिखा था, उसमें उन्होंने कहा था कि ट्विटर में राइट टू स्पीच की असीमित क्षमता है, लेकिन वर्तमान हालात में कंपनी अपनी इस क्षमता का पूर्ण उपयोग नहीं कर पा रही है। ट्विटर को एक निजी कंपनी में बदलने की जरूरत है और मैं इसे अनलॉक करना चाहता हूं। उन्होंने वैनक्यूबर में टीईडी कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए डील पूरी होने के बाद के अपने प्लान के बारे में भी जिक्र किया है। इसके तहत अगर डील पूरी हो जाती है तो फिर ट्विटर में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।