कारोबारी संगठनों ने बुधवार को ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ राष्ट्रीय विरोध दिवस के रूप में देशव्यापी प्रदर्शन किया। कारोबारी संगठनों ने अनैतिक कारोबार का आरोप लगाते हुए अमेजन और फ्लिपकार्ट को बंद करने की मांग उठाई। अखिल भारतीय व्यापारी महासंघ (कैट) ने 700 शहरों में धरना-प्रदर्शन किया है।
कारोबारी संगठन ने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां सरकार की एफडीआई नीतियों का खुलेआम उल्लंघन कर रही हैं। संगठन ने दावा किया है देशभर में आयोजित विरोध प्रदर्शन में लाखों व्यापारियों ने हिस्सा लिया। कैट ने कहा, अमेजन व फ्लिपकार्ट के अनैतिक कारोबार की वजह से ई-कॉमर्स का बाजार काफी दूषित हो गया है। लिहाजा सरकार को इन कंपनियों के कारोबार पर तत्काल रोक लगानी चाहिए।
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया ने कहा कि कारोबारियों को अमेजन-फ्लिपकार्ट के भारत में व्यापार से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अन्य व्यापारियों की तरह उन्हें भी एफडीआई नीतियों और कर कानून का पालन करना होगा।