पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में महंगाई ने आम लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। हालांकि इससे इमरान खान सरकार के मंत्रियों पर किसी तरह का कोई फर्क नहीं पड़ता है। उनके मुताबिक सभी तरह के खाद्य वस्तुओं की कीमतें नियंत्रण में है और मीडिया जरूरत से ज्यादा भाव बताकर अवाम को गुमराह कर रही है।
इमरान सरकार के वित्तीय सलाहकार अब्दुल हाफिज शेख ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि कराची की मंडियों में टमाटर का भाव 17 रुपये किलो है। हालांकि जब पत्रकारों ने कहा कि मंडियों में टमाटर 240 रुपये प्रति किलो पर बेचा जा रहा है, तो उन्होंने कहा कि जनता झूठ बोल रही है।
इस सप्ताहांत कराची शहर में टमाटर की कीमत 320 रुपये किलो पहुंच गई। थोक कीमतों में इजाफे के चलते खुदरा दुकानदार इसे इतनी ज्यादा कीमत पर बेच रहे हैं। अक्तूबर माह में टमाटर की कीमत 100 से 120 रुपये बेचा जा रहा था।
गृहणी कुलसूम बीबी ने कहा कि टमाटर के दाम बढ़ने की वजह से वे इसके विकल्प के तौर पर योगर्ट को आजमा रही हैं। वहीं एक अन्य गृहणी फरहत नोरीन ने कहा कि उन्हें इस समस्या से कई बार दो-चार होना पड़ा है और अब उन्होंने तरकीब निकाली है कि जब दाम कम हो ज्यादा मात्रा में टमाटर ले लिया जाए और उसे फ्रीज कर रखा जाए।
बताया जा रहा है कि टमाटर लूट की कुछ घटनाएं हुई हैं जिसके बाद किसान चौकन्ने हो गए हैं। ‘जियो न्यूज’ के मुताबिक, टमाटर सुरक्षा के लिए किसानों ने अपने खर्च पर हथियारबंद गार्ड तैनात कर दिए हैं। बादिन जिले के किसान ज्यादा चिंतित हैं।