फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

1400 करोड़ के पार हुआ पहली तिमाही में तंबाकू निर्यात, उत्पादन घटाने की कोशिश में सरकार

Thu, 16 Aug 2018 04:41 PM IST
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

देश से तंबाकू का निर्यात मौजूदा कारोबारी साल की पहली तिमाही में साल-दर-साल आधार पर सात फीसदी बढ़कर 1,447.80 करोड़ रुपये का हुआ। यह बात तंबाकू बोर्ड ने कही। बोर्ड के अनुसार तंबाकू निर्यात इस दौरान मुख्यत: यूरोप और दक्षिण-पूर्व एशिया को हुआ। वजन के लिहाज से तंबाकू और तंबाकू उत्पाद दोनों का निर्यात आलोच्य अवधि में साल-दर-साल आधार पर 2.65 फीसदी बढ़कर 53,213 टन का रहा। एक साल पहले की समान तिमाही में तंबाकू का निर्यात 51,802 टन का रहा था, जिसका कुल मूल्य 1,352 करोड़ रुपये था।

विज्ञापन


बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक अधिकतर निर्यात तंबाकू पत्तियों (अनमैन्यूफैक्चर्ड) के रूप में खासकर फ्लू-क्योर्ड वर्जीनियां (एफसीवी) तंबाकू (सिगरेट में उपयोग होने वाली एक किस्म) का हुआ। इसके बाद तंबाकू उत्पादों की एक छोटी मात्रा का निर्यात हुआ, जिनमें शामिल हैं सिगरेट, बीड़ी, हुक्का टोबैको पेस्ट, कट टोबैको, स्नफ और सिगार।

एफसीवी तंबाकू का निर्यात आलोच्य अवधि में घटकर 32,687 टन का हुआ, जो एक साल पहले की समान अवधि में 33,401 टन का था। मूल्य के लिहाज से हालांकि इसका निर्यात इस दौरान बढ़कर 814.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 791.46 करोड़ रुपये था। गैर एफसीवी तंबाकू का निर्यात हालांकि इस दौरान बढ़कर 12,620 टन (202.77 करोड़ रुपये) पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 10,043 टन (137.07 करोड़ रुपये) था।
विज्ञापन


संपूर्ण कारोबारी साल 2017-18 में देश से तंबाकू और इसके उत्पादों का निर्यात 2,12,916 टन का रहा था, जिसकी कुल कीमत 5,539.94 करोड़ रुपये थी। तंबाकू और इसके उत्पादों के निर्यात में जहां बढ़ोतरी का रुझान दिख रहा है, वहीं सरकार किसानों को दूसरे फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि तंबाकू का उत्पादन और रकबा कम रहे। 

Trending Videos
विज्ञापन

कई देशों को होता है तंबाकू व इसके उत्पादों का निर्यात

तंबाकू पत्तियों के लिए प्रमुख निर्यात बाजारों में शामिल हैं बेल्जियम, फीलीपींस, नेपाल, कोरिया, जर्मनी और संयुक्त अरब अमीरात। वहीं तंबाकू उत्पादों के निर्यात के लिए प्रमुख बाजारों में शामिल हैं पनामा, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, लीबिया, सूडान, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, थाईलैंड, इंडोनेशिया और इस्राइल।

तंबाकू उत्पादों का बढ़ा निर्यात

बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक तंबाकू उत्पादों के निर्यात में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तंबाकू उत्पादों का निर्यात आलोच्य अवधि में बढ़कर 430.66 करोड़ रुपये का रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 423.49 करोड़ रुपये का था। वजन के लिहाज से हालांकि इन उत्पादों के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई और यह 7,906 टन रहा, जो अप्रैल-जून 2017 में 8,358 टन था।

तंबाकू उत्पादों में जर्दा का सर्वाधिक निर्यात

मौजूदा कारोबारी साल की पहली तिमाही में तंबाकू उत्पादों में जर्दा का निर्यात 4,442 टन का रहा। सिगरेट का निर्यात 1,812 टन का रहा। हुक्का टोबैको पेस्ट का निर्यात 1,077 टन का रहा। कट टोबैको का निर्यात 507 टन का, बीड़ी का 61 टन, सिगार का छह टन और स्नफ का निर्यात एक टन का रहा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें