वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को सुबह 11 बजे संसद में वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए पूर्ण बजट पेश करेंगी। इससे पहले गुरुवार को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया गया, जो नवीन और खुले विचार से प्रेरित है। इस सर्वेक्षण को देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यन ने तैयार किया था।
कृष्णमूर्ति सुब्रमण्यन ने बताया कि, साल 2018-19 की आर्थिक समीक्षा 'नवीन और खुले विचार' से प्रेरित है और यह बात समीक्षा के नीले आवरण से प्रितिबिंबित होती है। 2018-19 की आर्थिक समीक्षा ब्लू स्काई थिंकिंग यानी नीले गगन की तरह खुली सोच से प्रेरित है।'
इसके साथ ही सुब्रमण्यन ने कहा है कि, 'सर्वेक्षण परंपरागरत सोच से हटकर है।' सर्वे के कवर पेज पर निवेश, बचत, निर्यात, रोजगार, आदि को दिखाया गया है, जिससे सरकार के रोडमैप का पता चलता है। उन्होंने कहा कि 2018-19 की आर्थिक समीक्षा की टीम अनूठे और खुले विचार यानी ‘ब्लू स्काई थिंकिंग’ से प्रेरित रही है।
बता दें कि इस आर्थिक सर्वे में अर्थव्यवस्था के आठ फीसदी विकास दर पाने के लिए सुझाव दिए गए हैं जिससे 2025 में यह पांच ट्रिलियन डॉलर को पार कर सकती है। यह आर्थिक सर्वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई वाली एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल की पहली आर्थिक समीक्षा है।