कपड़ा मंत्रालय ने स्पेशलिटी फाइबर, सस्टेनेबल टेक्सटाइल्स, जियोटेक्सटाइल्स, मोबिलटेक और स्पोर्ट्स टेक्सटाइल के क्षेत्रों में लगभग 60 करोड़ रुपये की 23 रणनीतिक अनुसंधान परियोजनाओं को मंजूरी दी। ये रणनीतिक अनुसंधान परियोजनाएं प्रमुख कार्यक्रम 'राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन' (national technical textiles mission) के अंतर्गत आती हैं।
इन 23 शोध परियोजनाओं में से कृषि, स्मार्ट टेक्सटाइल्स, हेल्थकेयर, स्ट्रेटेजिक एप्लीकेशन और प्रोटेक्टिव गियर्स में स्पेशियलिटी फाइबर्स की 12 परियोजनाएं और कृषि और हेल्थकेयर सेक्टर में एप्लीकेशन एरिया वाले सस्टेनेबल टेक्सटाइल्स से जुड़े चार प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही जियोटेक्सटाइल से पांच और मोबिलटेक व स्पोर्टेक से एक-एक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
वाणिज्य मंत्रालय ने रुपये में व्यापार सौदों के निपटान की मंजूरी दी
इस बीच वाणिज्य मंत्रालय ने घरेलू मुद्रा में अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रुपये में बिल बनाने, भुगतान करने और आयात-निर्यात सौदों के निपटान की मंजूरी दे दी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने जुलाई में बैंकों से कहा था कि वे निर्यात एवं आयात सौदे रुपये में संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करें। भारतीय मुद्रा के प्रति वैश्विक कारोबारी समुदाय की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए आरबीआई ने यह सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा था।