इटली की कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी इवेको समूह के अधिग्रहण के लिए टाटा मोटर्स के टेंडर ऑफर ने एक अहम पड़ाव पर कर लिया है। इस बहुप्रतीक्षित अधिग्रहण के लिए चले टेंडर ऑफर के अनंतिम नतीजों के अनुसार, ट्रेजरी शेयरों को छोड़कर टाटा मोटर्स के पास कंपनी की 89.42% हिस्सेदारी होगी, जो कि तय की गई 80% की संशोधित सीमा से कहीं अधिक है।
30 को होगा शेयरों का ट्रांसफर
शुरुआती स्वीकृति अवधि के दौरान पेशकश किए गए 23.816 करोड़ शेयरों के लिए कुल भुगतान राशि 3.43 अरब यूरो बैठती है। इन शेयरों का वित्तीय भुगतान आगामी 30 अक्तूबर को किया जाएगा, जिसके साथ ही शेयरों का मालिकाना हक औपचारिक रूप से खरीदार के पास ट्रांसफर हो जाएगा। इसके अलावा, जो शेयरधारक इस प्रारंभिक अवधि में अपने शेयर नहीं बेच पाए थे, उनके लिए एक्सेप्टेंस पीरियड 2 नवंबर से 6 नवंबर तक पांच ट्रेडिंग दिनों के लिए दोबारा खोला जाएगा। इस अवधि में टेंडर किए जाने वाले शेयरों का भुगतान 13 नवंबर को तय किया गया है। विश्लेषकों का मानना है कि इस वैश्विक अधिग्रहण से वैश्विक कमर्शियल व्हीकल मार्केट में टाटा मोटर्स का दबदबा और अधिक बढ़ जाएगा।
29 को घोषित होंगे अंतिम नतीजे
शुरुआत में इस अधिग्रहण के लिए न्यूनतम स्वीकार्यता शर्त 95 प्रतिशत तय की गई थी। हालांकि, 16 अक्तूबर को कंपनी की बैठक में पारित एक प्रस्ताव के बाद इसे घटाकर 80 प्रतिशत कर दिया गया था। नियामकीय सूचना में कहा गया कि अस्थायी नतीजों के आधार पर पेशकशकर्ता ने संशोधित न्यूनतम सीमा की शर्त पूरी कर ली है। पेशकश के अंतिम नतीजे 29 अक्तूबर तक घोषित किए जाने हैं।