'भले ही यह कठिन समय हो, लेकिन समूह अपनी जिम्मेदारियां निभाएगा और सही काम करने से पीछे नहीं हटेगा।' अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने शुक्रवार को यह बात कही। उन्होंने विमान हादसे के दिन को एअर इंडिया के इतिहास का सबसे काला दिन भी बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एयर इंडिया का स्वामित्व रखने वाला समूह विमान हादसे से जुड़ी सूचना देने के लिए अपनी प्रणाली में पूरी पारदर्शिता रखेगा।
कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक संदेश में टाटा समूह के मुखिया ने कहा कि जब टाटा संस ने एअर इंडिया का अधिग्रहण किया था, तो यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता थी और "इससे कोई समझौता नहीं किया गया।"
टाटा समूह के प्रमुख की ओर से कर्मचारियों को भेजा गया यह संदेश एयर इंडिया के लंदन जाने वाले बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान के अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त होने के एक दिन बाद सामने आया है। इस विमान में सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। यह देश की सबसे भीषण हवाई दुर्घटनाओं में से एक थी।