टाटा समूह ने विस्ट्रॉन इन्फोकॉम मैन्युफैक्चरिंग की भारत में 100 फीसदी इक्विटी हिस्सा खरीद लिया है। इसके लिए एसएमएस इन्फोकॉम (सिंगापुर) और विस्ट्रॉन हांगकांग के साथ शेयर खरीद समझौते पर दोनों ने हस्ताक्षर किया है।
इस सौदे के बाद टाटा समूह आधिकारिक तौर पर आईफोन असेंबलर के रूप एपल के साथ जुड़ जाएगा। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रबंध निदेशक रणधीर ठाकुर ने कहा, विस्ट्रॉन इन्फोकॉम (इंडिया) के अधिग्रहण के लिए शेयर खरीद समझौते पर हस्ताक्षर करना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। भारत में ईएमएस (इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज) उद्योग सरकार के मजबूत समर्थन को देखते हुए विकास के लिए तैयार है।
इक्विटी फंड में 42 फीसदी बढ़ा निवेश
शेयर बाजार की उठापटक के बीच भी निवेशकों का भरोसा बाजार पर बना हुआ है। अक्तूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 19,957 करोड़ का निवेश आया है। सितंबर के 14,091 करोड़ की तुलना में यह 42% अधिक है। ज्यादा निवेश स्मॉल कैप फंडों में आया है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया के अनुसार, अगस्त में इक्विटी फंड में 20,245 करोड़ का निवेश था। अक्तूबर में लगातार 32वें महीने इक्विटी फंड में निवेश हुआ है। सबसे ज्यादा निवेश स्मॉल कैप में 4,495 करोड़ रहा है। थिमेटिक फंड में 3,896 करोड़ निवेश आया है। डेट योजनाओं में 42,634 करोड़ निवेश रहा है।
आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में डेट म्यूचुअल फंड से 25,873 करोड़ रुपये और सितंबर में 1.01 लाख करोड़ रुपये की निकासी हुई थी। कुल 44 कंपनियों का एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) अक्तूबर में बढ़कर 46.71 लाख करोड़ रुपये रहा है जो सितंबर में 46.58 लाख करोड़ रुपये था।
त्योहारी मौसम में केनरा बैंक का कर्ज 0.05 फीसदी महंगा
सरकारी बैंक केनरा ने सभी तरह की अवधि का कर्ज 0.05 फीसदी महंगा कर दिया है। कर्ज की नई दर 12 नवंबर से लागू होगी। इससे लोगों को अब ज्यादा किश्त चुकानी होगी। एक साल का कर्ज अब 8.75 फीसदी होगा जो पहले 8.70 फीसदी था। इसी तरह से एक महीने, तीन महीने और छह महीने की भी कर्ज की दरों में 0.05 फीसदी का इजाफा किया गया है।
पतंजलि फूड्स का मुनाफा दोगुना बढ़कर 255 करोड़
पतंजलि फूड्स को सितंबर तिमाही में 254.53 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि के 112 करोड़ की तुलना में दोगुना अधिक है। कंपनी ने बताया कि कुल आय घटकर 7,845.79 करोड़ रुपये रही है जो एक साल पहले 8,524 करोड़ रुपये रही थी। कुल खर्च भी 8,371 करोड़ से घटकर 7,510 करोड़ रुपये पर आ गया है।
सोना गिरकर 61,000 से नीचे चांदी के दाम 300 रुपये घटे
वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में नरमी से घरेलू बाजार में सोना 61,000 से नीचे आ गया। दिल्ली सराफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोना 400 रुपये सस्ता होकर 60,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी भी 300 रुपये सस्ती होकर 73,300 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, सोने की कीमतों में गिरावट जारी है। निवेशक अमेरिका के वृहद आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की टिप्पणी के इंतजार में हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना कमजोरी के साथ 1,950 डॉलर प्रति औंस रहा।