प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से न्यू एयर इंडिया-एयरबस साझेदारी के शुभारंभ में शामिल हुए। इस दौरान टाटा संस के चेयरमैन ने कहा कि हमने एयरबस के साथ खास रिश्ता बनाया है। मुझे यह एलान करते हुए खुशी हो रही है कि हमने एयरबस से 250 एयरक्राफ्ट खरीदने को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से भी टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच 'एयर इंडिया-बोइंग सौदे' पर भी बातचीत हुई।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कही यह बात
इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा कि यह उपलब्धि दिखाती है कि एयरबस और सभी फ्रेंच सहयोगी भारत के साथ साझेदारी बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। हमने भारत के साथ बहुत कुछ हासिल किया है। हमारे पास इसे और आगे ले जाने का ऐतिहासिक मौका है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि महामारी के खत्म होने के बाद से दोनों देशों के बीच अधिक आदान-प्रदान होना चाहिए। छात्रों, वैज्ञानिकों, कलाकारों, व्यापारियों, महिलाओं, पर्यटकों का फ्रांस में स्वागत है। मैं सभी को फ्रांस-भारत की दोस्ती का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।
रूस यूक्रेन युद्ध पर विश्व को संगठित कर सकता है भारत
राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत यूक्रेन में रूस की आक्रामकता के मुद्दे पर दुनिया को संगठित कर सकता है। हम इस युद्ध के जटिल संदर्भ में भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। मैक्रों ने पीएम मोदी से कहा कि आपके नेतृत्व में भारत निश्चित रूप से दुनिया को संगठित कर सकता है और हमारे सामने मौजूद इस गंभीर विषय से निपटने में मदद कर सकता है।
ब्रिटेन ने किया फैसले का स्वागत
ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और बिजनेस व ट्रेड सचिव केमी बडेनोच ने एयर इंडिया के लिए नए विमान प्रदान करने के लिए एयरबस और रोल्स-रॉयस के लिए एक महत्वपूर्ण सौदे का स्वागत किया है। यह सौदा अरबों पाउंड का है।
ब्रिटिश कंपनी को 68 इंजनों के लिए मिला ऑर्डर
ब्रिटिश इंजीनियरिंग कंपनी रोल्स रॉयस ने मंगलवार को घोषणा की कि उसे एयर इंडिया से 68 ट्रेंट एक्सडब्ल्यूबी-97 इंजनों के लिए ऑर्डर मिला है। एयरबस के बड़े ए-350 विमान रोल्स-रॉयस XWB इंजन द्वारा संचालित होते हैं। एयर इंडिया ने मंगलवार को 250 एयरबस यात्री जेट खरीदने के ऑर्डर पर मुहर लगा दी। इस ऑर्डर में 40 एयरबस ए350 और 210 एयरबस ए320/321 विमान शामिल हैं। एयर इंडिया ने बोइंग से अलग से 220 विमानों का ऑर्डर दिया है।
कंपनी ने एक बयान में कहा, यह ट्रेंट XWB-97 के लिए अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है, जो विशेष रूप से एयरबस ए 350-1000 को पावर देता है। एयर इंडिया ने 12 ट्रेंट XWB-84, इंजन का भी ऑर्डर दिया है, जो एयरबस ए 350-900 के लिए एकमात्र इंजन विकल्प है।
मोदी-बाइडन ने की फोन पर बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने हाल ही में वाशिंगटन डीसी में क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज (आईसीईटी) पहल की पहली बैठक का स्वागत किया और अंतरिक्ष, सेमी-कंडक्टर, आपूर्ति श्रृंखला, रक्षा सह-उत्पादन और सह-विकास एवं ज्ञान और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की गहरी इच्छा व्यक्त की।
दोनों नेता इसकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए भारत की चल रही G20 अध्यक्षता के दौरान संपर्क में रहने के लिए सहमत हैं। इस दौरान एयर इंडिया और बोइंग के बीच ऐतिहासिक समझौते का दोनों नेताओं ने स्वागत किया। पीएम मोदी ने बोइंग और अन्य अमेरिकी कंपनियों को भारत में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विस्तार के अवसरों के लिए आमंत्रित किया।
एयर इंडिया-बोइंग सौदे से पैदा होंगी 10 लाख नौकरियां: बाइडन
फोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति बाइडन ने पीएम मोदी से कहा कि एयर इंडिया-बोइंग के बीच ऐतिहासिक सौदे से अमेरिका के 44 राज्यों में दस लाख नौकरियां पैदा होंगी। बाइडन ने एयर इंडिया-बोइंग सौदे की घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मिलकर वह भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और मजबूत करने को लेकर आशान्वित हैं।
व्हाइट हाउस की घोषणा के अनुसार, बोइंग और एयर इंडिया के बीच एक समझौता हुआ है, जिसके तहत एयरलाइन 190 बी737 मैक्स, 20 बी787 और 10 बी777एक्स, 220 कंपनियों के ऑर्डर खरीदेगी। इसकी कीमत 34 अरब डॉलर है। इस सौदे में अतिरिक्त 50 बोइंग 737 मैक्स और 20 बोइंग 787 के लिए ग्राहक विकल्प भी शामिल होंगे। सूची मूल्य (List Price) पर 290 विमानों की कीमत कुल 45.9 अरब अमेरिकी डॉलर है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव करीने जीन पियरे ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने पीएम मोदी से बात की है। उन्होंने अमेरिका निर्मित बोइंग के 200 विमान खरीदने पर एयर इंडिया के साथ ऐतिहासिक समझौते पर चर्चा की। पियरे ने आगे कहा, उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी (स्ट्रेटेजिक टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप) के महत्व पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने अमेरिका-भारत संबंधों की मजबूती की पुष्टि की और क्वाड जैसे समूहों में एक साथ काम को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
वाणिज्यिक विमानन इतिहास में सबसे बड़ी खरीद में से एक :मुकेश अघी
यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम के सीईओ मुकेश अघी ने कहा, हम एयरबस (250) और बोइंग (220) से रिकॉर्ड 470 जेट विमानों के विस्तार के लिए एयर इंडिया की सराहना करते हैं। यह वाणिज्यिक विमानन इतिहास में सबसे बड़ी खरीद में से एक है और अमेरिका-भारत वाणिज्यिक साझेदारी की ताकत का प्रमाण है।