नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बुधवार को कहा है कि भारत में 30 नवंबर 2020 तक शेड्यूल अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री सेवाएं निलंबित रहेंगी। बढ़ते कोरोना वायरस मामलों के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में आज वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार की तुलना में बुधवार को कोविड-19 के नए मामलों की संख्या बढ़ी है। मंगलवार को जहां 36,469 मामले रिपोर्ट किए गए थे वहीं, बुधवार को 43,893 नए मामले सामने आए हैं।
मालूम हो कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी के कारण दो महीने के अंतराल के बाद 25 मई को घरेलू यात्री उड़ानों को फिर से शुरू किया गया था। इसके बाद विदेश में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन चलाया गया और कई देशों के साथ एयर बबल करार भी किया गया। भारतीय एयरलाइंस को पूर्व कोविड-19 घरेलू उड़ानों का अधिकतम 60 फीसदी संचालन करने की अनुमति है। इस साल जून में कुल 19.84 लाख यात्रियों ने घरेलू यात्रा की। डीजीसीए ने कहा कि 25 मई से 31 मई के बीच 2.81 लाख हवाई यात्रियों ने घरेलू यात्रा की थी।
सितंबर में 39.43 लाख लोगों ने की यात्रा
डीजीसीए के आंकड़ों के अनुसार, इस साल सितंबर में कुल 39.43 लाख घरेलू यात्रियों ने हवाई यात्रा की, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 66 फीसदी कम है। वहीं जुलाई और अगस्त में क्रमशः 21.07 लाख और 28.32 लाख लोगों ने हवाई यात्रा की। डीजीसीए द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इंडिगो ने सितंबर में 22.66 लाख यात्रियों को सेवाएं दी, जो कुल घरेलू बाजार का 57.5 फीसदी हिस्सा है। स्पाइसजेट ने 5.3 लाख यात्रियों को सेवाएं प्रदान की, जो कुल बाजार का 13.4 फीसदी हिस्सा है। सितंबर में एयर इंडिया, एयर एशिया इंडिया, विस्तारा और गोएयर से क्रमश: 3.72 लाख, 2.35 लाख, 2.58 लाख और 2.64 लाख यात्रियों ने सफर किया।
2019 के स्तर तक पहुंचने के लिए लग सकते हैं तीन साल
पहले अमेरिका स्थित विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने कहा था कि एविएशन इंडस्ट्री को 2019 के स्तर तक पहुंचने के लिए कम से कम तीन साल लग सकते हैं। बोइंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेव कैलहोन ने हाल ही में कहा था, फंडामेंटल ग्रोथ ड्राइवर बरकरार हैं, लेकिन 2019 के स्तर पर हवाई यात्रा के लिए दो से तीन साल का वक्त लगेगा।