दिवाली पर होगी चीनी वितरण (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
देश में चीनी उत्पादन चालू विपणन वर्ष की एक अक्तूबर से 15 दिसंबर की अवधि में सालाना आधार पर 11 फीसदी घटकर 74.05 लाख टन रह गया। इसका मुख्य कारण महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी का कम उत्पादन है। हालांकि, उत्तर प्रदेश में उत्पादन में तेजी दर्ज की गई है।
भारतीय चीनी मिल संघ (इस्मा) के बयान के मुताबिक, चालू विपणन वर्ष 2023-24 में 15 दिसंबर तक चीनी उत्पादन 74.05 लाख टन तक रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 82.95 लाख टन था। इस अवधि में चालू कारखानों की संख्या पिछले साल की तरह 497 ही है। इस्मा के अनुसार, उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन 15 दिसंबर तक बढ़कर 22.11 लाख टन हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 20.26 लाख टन था। वहीं, इस वर्ष महाराष्ट्र और कर्नाटक की चीनी मिल में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10-15 दिन बाद काम शुरू हुआ। इससे महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन 33.02 लाख टन से घटकर 24.45 लाख टन रहा। कर्नाटक में उत्पादन 19.20 लाख टन से घटकर 16.95 लाख टन रह गया। चालू विपणन वर्ष में कुल चीनी उत्पादन 325 लाख टन रहने की उम्मीद है।