हवाई किराया फिलहाल 40 फीसदी से अधिक बढ़ चुका है। ऐसे में गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों को दिक्कत हो सकती है, क्योंकि महंगे किराये के चलते बहुत से लोग टिकट बुक कराने से कतरा रहे हैं। हालांकि इस बीच विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नया एलान किया है।
कंपनी ने कहा है कि वो अगले एक हफ्ते के अंदर 16 अतिरिक्त विमानों का परिचालन करना शुरू कर देगी। इसके लिए वो बोइंग 737-800 एनजी विमानों को किराये पर ले रही है।
यात्रियों की कम होंगी मुश्किलें
स्पाइसजेट के इस कदम से यात्रियों की मुश्किलें कम हो जाएगी। वहीं नागर विमानन मंत्रालय और डीजीसीए को भी राहत मिलेगी। जेट एयरवेज की स्थिति बिगड़ने से अभी किराया काफी ज्यादा हो चुका है।
कंपनी ने किया आवेदन
स्पाइसजेट ने विमान नियामक डीजीसीए के पास इन 16 विमानों को अपने बेड़े में शामिल करने के लिए एनओसी का आवेदन किया है। एनओसी मिलने के बाद कंपनी 10 दिन में यह विमान देश में आने शुरू हो जाएंगे। इसके तहत कंपनी को केवल विमान मिलेंगे और क्रू की व्यवस्था स्पाइसजेट करेगी।
इससे पहले डीजीसीए ने सभी एयरलाइन कंपनियों से कहा था कि वो एक तात्कालिक प्लान जमा करें, जिससे गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आए।