म्यूचुअल फंड में हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम लगाकर लंबे समय में बड़ी बचत तैयार करने का तरीका एसआईपी (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) माना जाता है। बाजार में तेजी हो या गिरावट, इसमें निवेशक हर महीने तय रकम जमा करते हैं। लेकिन अक्तूबर के आंकड़े इस निवेश को लेकर लोगों की बदलती सोच दिखा रहे हैं। इस महीने नई एसआईपी शुरू करने वालों की तुलना में बंद होने वाली या अवधि पूरी करने वाली एसआईपी की संख्या ज्यादा रही। सिप स्टॉपेज रेश्यो बढ़कर 116 प्रतिशत पहुंच गया। यानी हर 100 नई एसआईपी के मुकाबले करीब 116 एसआईपी बंद हुईं या मैच्योर हो गईं। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या बाजार के उतार-चढ़ाव और कमजोर रिटर्न से निवेशकों का भरोसा डगमगा रहा है?
अक्तूबर में कितनी एसआईपी शुरू हुईं और कितनी बंद हुईं?
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर में 50.68 लाख नई एसआईपी का पंजीकरण हुआ, जबकि 59.12 लाख एसआईपी बंद हुईं या उनकी तय अवधि पूरी हो गई। सितंबर में तस्वीर इससे अलग थी। उस महीने 63.26 लाख नई एसआईपी शुरू हुई थीं और 49.68 लाख एसआईपी बंद हुईं या मैच्योर हुई थीं। यानी एक महीने में नई एसआईपी के पंजीकरण में करीब 20 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि बंद होने वाली एसआईपी की संख्या लगभग 19 प्रतिशत बढ़ गई। इन आंकड़ों से पता चलता है कि अक्तूबर में नई एसआईपी शुरू करने की रफ्तार घटी और बंद होने वाली योजनाओं का आंकड़ा बढ़ा।
आखिर निवेशक एसआईपी बंद क्यों कर रहे हैं?
इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और म्यूचुअल फंड से उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं मिलना इसकी बड़ी वजह हो सकती है। पिछले कुछ समय में बाजार में आई गिरावट से कई निवेशकों के निवेश की कुल कीमत कम हुई है। खासकर उन लोगों को ज्यादा चिंता हो सकती है, जिन्होंने बाजार में तेजी के दौरान पहली बार निवेश शुरू किया था। इसके अलावा वैश्विक तनाव, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और आर्थिक अनिश्चितता भी निवेशकों को सतर्क कर रही है। हालांकि, एसआईपी बंद होने के आंकड़े अपने आप यह साबित नहीं करते कि सभी निवेशक नुकसान के डर से पैसा निकाल रहे हैं। कुछ एसआईपी की तय अवधि पूरी होना भी इसकी वजह है।
116 प्रतिशत सिप स्टॉपेज रेश्यो का क्या मतलब है?
सिप स्टॉपेज रेश्यो यह बताता है कि एक महीने में शुरू हुई नई एसआईपी के मुकाबले कितनी एसआईपी बंद हुईं या उनकी अवधि पूरी हुई। अक्तूबर में यह अनुपात 116 प्रतिशत रहा। आसान भाषा में समझें तो हर 100 नई एसआईपी के मुकाबले करीब 116 एसआईपी बंद हुईं या मैच्योर हुईं। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यह अनुपात निवेशकों की संख्या नहीं, बल्कि एसआईपी खातों की संख्या पर आधारित है। एक व्यक्ति एक से ज्यादा एसआईपी चला सकता है। इसलिए 116 प्रतिशत का मतलब यह नहीं है कि निवेशकों की कुल संख्या में इतनी गिरावट आ गई है।
अगर म्यूचुअल फंड खराब प्रदर्शन कर रहा है तो क्या करें?
किसी फंड का कुछ महीनों तक कमजोर प्रदर्शन करना उसे तुरंत बंद करने की वजह नहीं होना चाहिए। निवेशकों को पहले यह समझना चाहिए कि फंड का प्रदर्शन क्यों गिरा है और क्या यह गिरावट कुछ समय के लिए है या लंबे समय से जारी है। समझिए फैसला लेने से पहले कौन सी बातों पर ध्यान देना जरूरी है...
- फंड के प्रदर्शन की तुलना उसके बेंचमार्क इंडेक्स से करें।
- उसी श्रेणी के दूसरे म्यूचुअल फंडों का प्रदर्शन भी देखें।
- केवल तीन या छह महीने के रिटर्न के आधार पर फैसला न लें, बल्कि तीन से पांच साल का रिकॉर्ड जांचें।
- देखें कि फंड किन कंपनियों और क्षेत्रों में पैसा लगा रहा है।
- निवेश की रणनीति में बदलाव हुआ है तो उसके असर को समझें।
अगर फंड लंबे समय से अपने बेंचमार्क और समान श्रेणी के दूसरे फंडों से पिछड़ रहा है, तभी दूसरे विकल्पों पर विचार करें। दरअसल, एसआईपी का मकसद लंबे समय में निवेश के जरिए संपत्ति तैयार करना है। इसलिए बाजार में थोड़ी गिरावट या कुछ महीनों के कमजोर रिटर्न से घबराकर फैसला लेना नुकसानदेह हो सकता है। निवेशकों को अपने वित्तीय लक्ष्य, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए।