सिंगापुर की दूरसंचार कंपनी सिंगटेल ने 7 मार्च को बताया कि उसने भारती एयरटेल में 0.8 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी बेच दी है। कंपनी ने अपनी हिस्सेदारी राजीव जैन की निवेश फर्म जीक्यूजी पार्टनर्स को 5,849 करोड़ रुपये में बेची। भारती एयरटेल के शेयर गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सपाट ढंग से कारोबार कर रहे थे पर ब्लॉक डील की खबर के बाद कंपनी के शेयरों में शुरुआती नुकसान की भरपाई होती दिखी
ब्लॉक डील के तहत सिंगटेल ने अपनी लगभग 0.8 प्रतिशत हिस्सेदारी यानी करीब 4.9 करोड़ शेयर जीक्यूजी पार्टनर्स को सौंप दी है। गुरुवार की सुबह 10 बजकर 08 बजे मिनट पर एनएसई पर भारती एयरटेल के शेयर 1,199.90 रुपये के भाव पर कारोबार करते दिखे। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज द्वारा एआरपीयू अनुमानों को सकारात्मक बताने और खरीद कॉल बनाए रखने से भी भी स्टॉक में तेजी आई।
वित्तीय वर्ष 2024 की तीसरी तिमाही में, भारती एयरटेल को एक साल पहले इसी तिमाही की तुलना में 54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,442.2 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ। कंपनी का रेवेन्यू भी सालाना आधार पर 6 फीसदी बढ़कर 37,900 करोड़ रुपये रहा।
भारती एयरटेल के अलावा, GQG ने भारत की शीर्ष कंपनियों में निवेश कर रखा है। उनके निवेश वाली कंपनियों में आईटीसी भी शामिल है, जिसमें दिसंबर 2023 तक इसकी 1,060 मिलियन डॉलर की हिस्सेदारी थी। वहीं, फर्म का आईसीआईसीआई बैंक में 403 मिलियन डॉलर, अडानी एंटरप्राइजेज में 437 मिलियन डॉलर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 345 मिलियन डॉलर, अदाणी पोर्ट्स में 329.2 मिलियन डॉलर और अदानी ग्रीन एनर्जी में 396.1 मिलियन डॉलर का निवेश है। सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, अदाणी पावर और एनटीपीसी भी जीक्यूजी के ईएम फंड का हिस्सा हैं।