भारतीय सोशल मीडिया मंच शेयरचैट ने शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म एमएक्स टकाटक को खरीदने के लिए समझौता किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कंपनियों ने यह समझौता 60 करोड़ डॉलर में किया है, जिसमें नकदी और शेयर शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग छह महीनों में एमएक्स टकाटक की रिब्रांडिंग की जाएगी। इस सौदे के महीने के आखिर तक पूरे होने की उम्मीद है।
इस सौदे से शॉर्ट वीडियो के फील्ड में शेयरचैट की स्थिति मजबूत होगी। उसके पास पहले से मौज उपलब्ध है, जिसके मंथली एक्टिव यूजर्स की संख्या 16 करोड़ है। एमएक्स टकाटक के एक्टिव यूजर्स की संख्या 15 करोड़ है। दोनों को मिलकर यूजर्स की संख्या 30 करोड़ से ज्यादा हो जाएगी। शेयरचैट के लोकल प्रतिद्वंद्वी जोश के यूजर्स की संख्या 11.5 करोड़ से ज्यादा है।
गौरतलब है कि यह अधिग्रहण ऐसे समय में आया है, जब शॉर्ट वीडियो इंडस्ट्री की ओर लोगों का आकर्षण तेजी के साथ बढ़ रहा है। इसमें इंस्टाग्राम की रील्स सबसे आगे चल रही है। रेडसीर की रिपोर्ट के मुताबिक, जहां फेसबुक का शॉर्ट वीडियोज और इंस्टाग्राम की रील्स टॉप 50 शहरों में मार्केट में सबसे आगे हैं, वहीं उसकी भारत में प्रतिद्वंद्वी जैसे जोश, मोज और एम एक्स टकाटक का टीयर-2 और टीयर-3 शहरों में बड़ा यूजर बेस मौजूद है।