शेयर बाजार में निवेश करने को लेकर भारतीयों की धारणाओं में परिवर्तन हुआ है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीयों की बचत में शेयर बाजार की हिस्सेदारी बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। जेफरीज की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
जेफरीज की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2022 में भारतीयों के द्वारा की गई बचत में शेयर बाजार में किए गए निवेश की हिस्सेदारी बढ़कर 4.8 फीसदी पर पहुंच गई है। इससे पिछले साल समान अवधि यानी मार्च 2021 में यह आंकड़ा 4.3 फीसदी पर था। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये दोनों आंकड़े साल 2008 के बाद सबसे हाई हैं। बता दें कि 2008 में कुल बचत में बाजार का हिस्सा 4.2 फीसदी पर था।
इस रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय के लिए निवेश को सबसे अच्छा साधन आज भी घर और जमीन बना हुआ है। इसमें कहा गया है कि भारतीयों के द्वारा की गई कुल बचत में सबसे ज्यादा 49 फीसदी की हिस्सेदारी रियल एस्टेट की है। इसके बाद बैंक डिपॉजिट और सोने में निवेश को भारतीय अच्छा विकल्प मानते हैं। कुल बचत में इनकी हिस्सेदारी क्रमश: 15.1 फीसदी और 15 फीसदी है। इसके अलावा बीते आठ सालों में फाइनेंशियल असेट्स के प्रति भी निवेशकों की दिलचस्पी में इजाफा हुआ है।