शुरुआती कारोबार में कैसी रही बाजार की चाल, यहां समझें
ताजा विदेशी फंड प्रवाह और अमेरिकी बाजारों में तेजी के बीच इक्विटी बेंचमार्क सूचकांकों ने बुधवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। हालांकि, अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टैरिफ धमकियों से जुड़ी चिंताओं के कारण सुबह के कारोबार में बाजार में अस्थिरता रही। शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 166.1 अंक चढ़कर 80,170.16 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का निफ्टी 74.35 अंक चढ़कर 24,268.85 अंक पर पहुंच गया।
हालांकि, बाद में दोनों बेंचमार्क सूचकांकों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बीएसई बेंचमार्क सूचकांक 60.26 अंक बढ़कर 80,055.58 पर और निफ्टी 16.55 अंक बढ़कर 24,211.10 पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के 30 शेयरों वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा और एनटीपीसी शामिल रहे। इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट पिछड़ने वाले शेयरों में शामिल रहे। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,157.70 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "चीन, मैक्सिको और कनाडा पर ट्रम्प की नई टैरिफ धमकियों से धारणा प्रभावित हुई है, जिससे व्यापार तनाव की आशंका बढ़ गई है।" एशियाई बाजारों में शंघाई और हांगकांग बढ़त में कारोबार कर रहे थे जबकि सियोल और टोक्यो में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, "राष्ट्रपति पद पर आसीन होने के तुरंत बाद ट्रंप ने यह घोषणा करना शुरू कर दिया है कि वह क्या करने का इरादा रखते हैं। मैक्सिकन और कनाडाई आयातों पर 25 प्रतिशत टैरिफ और चीनी आयातों पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत टैरिफ की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इन टैरिफों पर इन देशों की क्या प्रतिक्रिया होगी, यह देखना अभी बाकी है।"
उन्होंने कहा कि बाजार के वर्तमान स्तर के आसपास ही मजबूत होने की संभावना है, क्योंकि ब्रेकआउट या ब्रेकडाउन के लिए कोई तत्काल ट्रिगर नहीं है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.05 प्रतिशत बढ़कर 72.85 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। मंगलवार को बीएसई का सेंसेक्स 105.79 अंक या 0.13 प्रतिशत गिरकर 80,004.06 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 27.40 अंक या 0.11 प्रतिशत गिरकर 24,194.50 अंक पर बंद हुआ था।