डाकघर में भी बदल सकते हैं 2,000 के नोट
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 2,000 रुपये के नोट डाकघर में भी बदलने की व्यवस्था की है। एक व्यक्ति एक बार में 20,000 मूल्य के नोट बदल सकता है। बैंक ने बताया कि हमारे 19 कार्यालयों में किसी भी डाकघर से नोट भेज सकते हैं।
विदेशी मुद्रा भंडार 2.7 अरब डॉलर बढ़कर 22 महीने के उच्च स्तर पर
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 29 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 2.75 अरब डॉलर बढ़कर 623.20 अरब डॉलर हो गया। यह 22 महीने का उच्च स्तर है। 22 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 4.471 अरब डॉलर बढ़कर 620.441 अरब डॉलर हो गया था। पिछले 6 सप्ताह के आंकड़े के हिसाब से भंडार में 30.12 अरब डॉलर की बढ़ोतरी आई है। 29 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा संपत्तियां 1.86 अरब डॉलर बढ़कर 551.615 अरब डॉलर रही। सोने के भंडार का मूल्य 85.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 48.328 अरब डॉलर हो गया। अक्तूबर 2021 में विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सार्वकालिक उच्च स्तर पर था। पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने रुपये की विनिमय दर बनाए रखने के लिए मुद्राभंडार का उपयोग किया। इससे मुद्रा भंडार प्रभावित हुआ।
श्री सीमेंट को 4,000 करोड़ का नोटिस
गलत दावों और कटौती के लिए आयकर विभाग ने श्री सीमेंट को 4,000 करोड़ का नोटिस भेजा है। इससे शेयर 5% तक टूट गए। कर विभाग ने जून में सर्वे किया था। अप्रैल 2014 से मार्च 2023 के बीच 8,500 करोड़ के गलत दावों की जानकारी मिली थी।