शेयर बाजार में गुरुवार को सुबह के कारोबार में जबरदस्त बढ़त देखी गई। जहां सेंसेक्स शुरुआत में ही 245 अंकों की बढ़त के साथ 80,170 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी में भी 78 अंकों की बढ़त दर्ज की गई है और यह 24,402 पर पहुंच गया।
दूसरी तरफ शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये ने भी बढ़त हासिल की। फिलहाल दो पैसे की बढ़त के साथ एक डॉलर के मुकाबले रुपया 83.49 के स्तर पर है। ॉ
सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, मारुति, इंफोसिस और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में तेजी आई। पावर ग्रिड, नेस्ले, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर नुकसान में रहे।
इसके अलावा वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85.73 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 583.96 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर खरीदे।