घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में बड़ा उतार-चढ़ाव दिखा। जहां सेंसेक्स 250 अंकों से अधिक गिर गया। वहीं, निफ्टी 24 हजार से नीचे पहुंच गया। शुरुआती कारोबार के दौरान एयरटेल और इंडिगो जैसे शेयरों में 4% तक की गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती सत्र में एक समय पर सेंसेक्स 264.82 अंक गिरकर 76,224.14 तक टूट गया। निफ्टी 27.6 अंक गिरकर 24,004.10 पर कारोबार करता दिखा। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 14 पैसे गिरकर 95.40 पर आ गया।
टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर
इंडिगो, भारती एयरटेल, सन फार्मा, ट्रेंट, टाइटन कंपनी और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से पिछड़ गए। वहीं दूसरी ओर, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, बीईएल और एचसीएल टेक के शेयर लाभ कमाने वाले प्रमुख शेयर रहे।
सोमवार को दिखी थी तेजी
इससे पहले सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार उछाल दर्ज किया गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट इसका मुख्य कारण थी। अमेरिकी-ईरान वार्ता से जुड़े सकारात्मक माहौल ने भी बाजार को मजबूत सहारा दिया था। बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी एक फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे। हालांकि मंगलवार को सुबह बाजार में बिकवाली हावी दिखी।
कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान ने बताया कि लंबे समय बाद निफ्टी ने न केवल 20-दिवसीय एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) को पार किया, बल्कि इसके ऊपर बंद भी हुआ, जिससे मौजूदा स्तरों से आगे की तेजी को समर्थन मिला।