वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बाद भारतीय बाजार भी गुरुवार को लुढ़क कर खुले। सेंसेक्स लगभग 209 अंक नीचे जाकर 60050 के लेवल पर खुला जबकि निफ्टी 55 अंकों की कमजोरी के साथ 17888.70 के लेवल पर खुला।
ज्यादातर भारतीय इंडेक्स गुरुवार को शुरुआती सेशन में लाल निशान पर कारोबार करते दिख रहे हैं। इससे पहले अमेरिकी और एशियाई बाजारों में भी कमजोरी दिखी। फिलहाल सेंसेक्स 60,182.12 अंकों पर जबकि निफ्टी 17,908.60 अंकों पर ट्रेड कर रहा है।
आज के कारोबार में आईटी, फार्मा शेयरों में गिरावट से बाजार पर दबाव है। हालांकि, मेटल, रियल्टी और पीएसयू बैंक सेक्टर्स में खरीदारी नजर आ रही है।
Dr Reddy, Sun Pharma, Wipro, Infosys, TCS जैसे कई बड़े शेयर शुरुआती कारोबार में गिरावट का शिकार हो गए।
इससे पहले पांच दिनों की तेजी के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में कमजोरी दिखी। डाओ जोंस करीब 172 अंक गिरकर 33,980 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक में 165 अंकों की कमजोरी आई। एशियाई बाजारों में एसजीएक्स निफ्टी 50 अंकों तक टूटा।
इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार लगातार चौथे दिन हरे निशान पर बंद हुए। दिलचस्प बात यह रही ही छह अप्रैल 2022 के बाद पहली बार सेंसेक्स 60,000 के लेवल के ऊपर बंद हुआ। इस दौरान बैकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी, आईटी और फार्मा कंपनियों के शेयरों में खरीदारी होने से बाजार को मजबूती मिली।
बुधवार को सेंसेक्स 418 अंक चढ़कर 60,260.13 अंकों पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 119 अंक बढ़कर 17,944.25 के लेवल पर क्लोज हुआ। बाजार में बजाज फिनसर्व के शेयरों में छह फीसदी का उछाल देखा गया जबकि एमएंडएम के शेयरों में एक फीसदी की कीमजोरी आई।