घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक लगातार छठे दिन हरे निशान पर बंद हुए। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,078.87 अंक या 1.40 प्रतिशत उछलकर छह सप्ताह के उच्चतम स्तर 77,984.38 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,201.72 अंक या 1.56 प्रतिशत बढ़कर 78,107.23 अंक पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 307.95 अंक या 1.32 प्रतिशत बढ़कर 23,658.35 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान बेंचमार्क 358.35 अंक या 1.53 प्रतिशत बढ़कर 23,708.75 अंक पर पहुंच गया। सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान एसबीआई और एनटीपीसी के शेयरों में चार-चार प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
शेयर बाजार में तेजी विदेशी फंड प्रवाह और बैंकिंग और तेल व गैस शेयरों में खरीदारी के कारण आई। इससे बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को 1 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई। जानकारों के अनुसार, अमेरिका और यूरोपीय बाजारों में सकारात्मक रुख से घरेलू शेयर बाजारों में तेजी आई।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, "विदेशी निवेशकों की नई आशावादिता तथा अमेरिका और यूरोपीय बाजारों के मजबूत संकेतों से धारणा को और बल मिला।" एशियाई बाजारों में शंघाई और हांगकांग में तेजी रही जबकि सियोल और टोक्यो में गिरावट रही। यूरोपीय बाजार सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार हरे निशान में बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.07 प्रतिशत बढ़कर 72.21 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
सोमवार को केवल शेयर बाजार में ही मजबूत बढ़त नहीं दिखी, रुपया भी 2025 में हुआ अपना पूरा नुकसान पाटकर बंद हुआ। लगातार सातवें कारोबारी सत्र में रुपया मजबूत हुआ और 31 पैसे की बढ़त के साथ 85.67 रुपये (अस्थाई) के भाव पर बंद हुआ।