लगातार दूसरे दिन घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स बेंचमार्क 398.18 अंक फिसलकर 57,527.10 अंकों के लेवल पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी बेंचमार्क 131.85 अंक टूटकर 16,945.05 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। शुक्रवार के कारोबारी सेशन के दौरान बजाज ट्विन्स के शेयरों में चार प्रतिशत तक की गिरावट आई।
बीते एक हफ्ते के दौरान शेयर बाजार में निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। पिछले हफ्ते शुक्रवार को बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 257.52 लाख करोड़ रुपए था, वह इस हफ्ते 254.44 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
# सोने की कीमतों में 70 रुपये का हुआ इजाफा
वैश्विक स्तर पर बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने के भाव 70 रुपये की तेजी के साथ 59,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 59,380 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। चांदी भी 520 रुपये की तेजी के साथ 70,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।