घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद लाल निशान पर क्लोजिंग हुई। प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक जहां खुले थे दिनभर के कारोबार के बाद लगभग वहीं बंद हो गए। 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 8.08 (0.01%) अंक टूटकर 73,598.67 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर, निफ्टी 3.46 (0.02%) अंकों की मामूली गिरावट के साथ 22,749.75 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के अंत में एयरटेल और पावर ग्रिड के शेयरों में तीन-तीन प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। रुपया डॉलर के मुकाबले 3 पैसे बढ़कर 95.12 (प्रोविजनल) पर बंद हुआ।
सोमवार को आई रिकवरी के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर वैश्विक मैक्रो दबाव के आगे कमजोर पड़ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के 115 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंचने, अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और इस सप्ताह आने वाले अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मौद्रिक नीति फैसले से पहले निवेशक सतर्क दिखे। इसके असर से बाजार गैप डाउन होकर खुले थे।