रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी से बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार चौथे कारोबारी सत्र जारी रहा। सेंसेक्स 899 अंक की छलांग लगाकर करीब सवा महीने बाद फिर 76,000 के पार बंद हुआ। निफ्टी भी 23,000 के पार पहुंच गया।
विज्ञापन
वैश्विक बाजारों के मिले-जुले संकेतों के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती का अनुमान बरकरार रखने से निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली। सेंसेक्स 899.01 अंक या 1.19 फीसदी चढ़कर 76,348.06 पर बंद हुआ। दिन में यह 1,007.2 अंक की बढ़त के साथ 76,456.25 पर पहुंच गया था। सेंसेक्स इससे पहले 13 फरवरी, 2025 को आखिरी बार 76,000 के स्तर के पार बंद हुआ था। निफ्टी 283.05 अंक या 1.24 फीसदी उछलकर 23,190.65 पर बंद हुआ।
चार सत्र में 17.4 लाख करोड़ रुपये बढ़ी संपत्ति
घरेलू बाजार में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी बढ़त के कारण बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का पूंजीकरण 17.43 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है। इस अवधि में सेंसेक्स में 2,519.15 अंक की बढ़त देखने को मिली, जबकि निफ्टी 793.45 अंक चढ़ गया।
3239.14 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को घरेलू बाजार में शुद्ध रूप से 3,239.14 करोड़ रुपये की खरीदारी की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,136.02 करोड़ के शेयर बेचे। बीएसई स्मॉलकैप में 0.73 व मिडकैप सूचकांक में 0.61 फीसदी बढ़त।