सेबी ने शेयर बाजार में धोखाधड़ी करने पर शिवप्रसाद पट्टिया और अलकेश नरवारे को तीन साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। दोनों ने ऑल्गो ट्रेडिंग के नाम पर निवेशकों को गुमराह कर ₹4.83 करोड़ की अवैध कमाई की थी, जिसके बाद मामले में सेबी ने कार्रवाई करते हुए इस राशि को ब्याज सहित वसूलने का आदेश भी दिया है।
शेयर बाजार के नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शिवप्रसाद पट्टिया और अलकेश नरवारे नामक दो व्यक्तियों को निवेशकों से धोखाधड़ी करने के मामले में तीन साल के लिए शेयर बाजार से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही इन दोनों से 4.83 करोड़ रुपये की अवैध कमाई ब्याज सहित वसूलने का आदेश भी दिया गया है।
समझिए क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि शिवप्रसाद पट्टिया और अलकेश नरवारे पर सेबी ने आरोप लगाया है कि यह जोड़ी व्हाट्सएप ग्रुप्स के ज़रिए लोगों को बुलाती थी। उन्हें ऑल्गो ट्रेडिंग यानी कंप्यूटर सिस्टम से स्वचालित ट्रेडिंग करने की सुविधा व गारंटीड रिटर्न का लालच दिया जाता था। इसके बाद वे उन निवेशकों से उनके ट्रेडिंग अकाउंट के लॉगिन डिटेल्स लेकर, उनके नाम पर ओटीएम विकल्पों में ट्रेड करते और पैसा अपने नियंत्रण वाले खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। इन्हीं खातों में ₹4.83 करोड़ की अवैध कमाई मिली, जिसे सेबी ने जब्त करने का आदेश दिया है।