सोमवार को सुबह से ही एसबीआई ग्राहक रहे परेशान
देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नेट बैंकिंग समेत कई सेवाएं सोमवार सुबह से ही ठप हैं। कई उपभोक्ताओं ने फंड ट्रांसफर में आने वाली दिक्कतों की शिकायत भी की है। बता दें कि एसबीआई की इंटरनेट बैंकिंग सेवाओं के अलावा यूपीआई और योनो ऐप से जुड़ी सेवाएं भी काम नहीं कर रही हैं।
ग्राहकों ने की लेन-देन में हो रही परेशानी की शिकायत
एसबीआई का सर्वर डाउन होने के कारण हो रही परेशानियों के बारे में कई ग्राहकों ने शिकायत कही है। कई ग्राहकों ने बताया है कि उनके क्रेडिट कार्ड पेमेंट तक नहीं हो पा रहे हैं। बैंक की वेबसाइट पर 'something went wrong at the bank servers. Please Retry' मैसेज दिख रहा है। वैश्विक स्तर पर बैंक सर्वरों में होने वाली दिक्कतों को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउन डिटेक्टर ने भी एसबीआई की सेवाओं में आ रही दिक्कतों के संबंध में ट्वीट किया है।

यूजर्स 32 घंटे से एसबीआई का पेमेंट गेटवे प्रभावित होने की कर रहे शिकायत
भारतीय स्टेट बैंक के एक यूजर ने ट्वीट करते हुए कहा है कि एसबीआई का पूरा पेमेंट गेटवे पिछले 32 घंटों से काम नहीं कर रहा है। इस बीच बैंक की ओर से कहा गया प्रिय ग्राहक हम असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। आपसे अनुरोध है कि दोबारा कोशिश करें और समस्या बनी रहती है तो हमें बताएं।