शेयर बाजार कई दशकों से निवेशकों को आकर्षित करता आया है। सालों से निवेशक बाजार में पैसा लगा रहे हैं। हालांकि इसमें जोखिम होता है, लेकिन कई निवेशक इससे मालामाल भी हुए हैं। एक मिड लेवल ब्रोकर संजय शाह का सितारा भी बाजार में निवेश कर चमका। करीब 10 साल पहले 2008-2009 में आई आर्थिक मंदी में शाह बेरोजगार हो गए थे। उस समय शाह एक मिड लेवल ब्रोकर थे।
इतनी संपत्ति के हैं मालिक
लेकिन आज वे 700 मिलियन डॉलर यानी करीब 5000 करोड़ की संपत्ति के मालिक बन गए हैं। इतना ही नहीं, उनके पास 60 फीट का एक शानदार यॉट भी है। एक समय में बेरोजगार रह चुके शाह के पास मौजूदा समय में लंदन से लेकर दुबई तक में प्रॉपर्टी है। शाह ने जब ऑटिज्म चैरिटी का आयोजन किया था, तब इस कार्यक्रम में डेरेक, एल्टन जॉन और जेनिफर लोपेज जैसे दिग्गज सितारों ने परफॉर्म किया था।
विवादों से घिरे शाह
हालांकि अभी शाह विवादों से घिर गए हैं, जिसकी वजहा से यूरोप के कई देशों में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है। इसलिए अनुमान लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में वे गिरफ्तार हो जाएं। दरअसल, शाह ने कुछ देशों में कानूनी लूपहोल्स का इस्तेमाल किया और पैसे कमाए। संयज शाह ने सिंगल स्टॉक पर मिलने वाले डिविडेंड टैक्स रिफंड का कई बार फायदा उठाया।
डेनमार्क में फ्रीज हुई संपत्ति
डेनमार्क के प्रशासन ने उनकी करीब 3.5 अरब दानिश क्रॉनर की संपत्ति फ्रीज कर दी है, जिसमें उनका लंदन स्थित 200 लाख डॉलर का घर भी शामिल है। डेनमार्क सरकार दो अरब डॉलर को संभालने की कोशिश कर रही है। डेनमार्क सरकार ने आरोप लगाया है कि उनकी कंपनी सोलो कैपिटल पार्टनर्स एलएलपी ने निवेशकों को शेयर बेचने के बाद भी डिविडेंट टैक्स पर रिफंड पाने में मदद की।
मेरी पूरी कमाई कानूनी रूप से वैध- शाह
इस संदर्भ में शाह ने कहा कि उनकी पूरी कमाई कानूनी रूप से वैध है और उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है। शाह का कहना है कि अगर उन्होंने गलत तरीका अपनाकर कमाई की है, तो कोई उन्हें कानूनी रूप से मुझे गलत ठहरा कर बताए और साबित करे कि उनकी कमाई एक फ्रॉड है। उनके खिलाफ चार्ज नहीं लग पाया है, लेकिन उनके वकीलों का कहना है कि अगर वे अभी गल्फ कंट्री से यूरोप जाते हैं, तो उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।