Samwad 2025: विपक्ष की ओर से ईडी और सीबीआई के गलत प्रयोग की अलोचनाओं पर बोलते हुए जितिन प्रसाद ने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है। उनके पास देश के लिए कोई पॉलिसी नहीं है। मोदी सरकार ने जो काम किए हैं वे सबके सामने हैं। अगर यह विपक्ष को नहीं दिखता है, तो यह उनकी परेशानी है। जहां तक ईडी और सीबीआई कर्रवाई की बात है, तो सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। जो गड़बड़ करेगा कार्रवाई होगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने आगे क्या कहा, आइए जानते हैं।
देश की विपक्षी पार्टियां ईडी और सीबीआई के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाकर केंद्र सरकार की अलोचना करती रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने गुरुवार को लखनऊ में अमर उजाला संवाद के मंच पर इन आलोचनाओं का जवाब दिया।
ईडी-सीबाआई के गलत इस्तेमाल के आरोपों पर बोले जितिन प्रसाद- विपक्ष मुद्दाविहीन
विपक्ष की ओर से ईडी और सीबीआई के गलत प्रयोग की अलोचनाओं पर बोलते हुए जितिन प्रसाद ने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन है। उनके पास देश के लिए कोई पॉलिसी नहीं है। मोदी और योगी सरकार ने जो काम किए हैं वे सबके सामने हैं। एयरपोर्ट बने हैं। हाइवे बने हैं। उत्तर प्रदेश का पूरे विश्वभर में पहचान बनी है। यह किसी से छिपा तो नहीं है। अब अगर विपक्ष इसपर कुछ नहीं कर पा रही है तो यह विपक्ष की हताशा है।
विज्ञापन
कानून और एजेंसियां अपने मुताबिक काम करतीं हैं: जितिन प्रसाद
ईडी-सीबीआई के गलत इस्तेमाल पर जितिन प्रसाद ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। कानून और एजेंसियां अपने मुताबिक काम करतीं हैं। जो गड़बड़ करेगा उस पर कार्रवाई होगी। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है। कोई भी बख्शा नहीं जाता है और यह सबके समान चीज है। जितिन प्रसाद ने कहा कि विपक्ष क्या कह रहा है, इस पर मैं नहीं जाना चाहता हूं। मैं तो देश की जनता को बताना चाहता हूं कि जो कार्य हो रहे हैं, भारत की गरिमा, भारत की प्रतिष्ठा, भारत के काम, भारत का डंका जो बज रहा है विश्व भर में वह सबके सामने है।
कांग्रेस के बारे में क्या बोले जितिन प्रसाद?
प्रसाद ने कांग्रेस के बारे में कहा कि उनके पास कोई वैकल्पिक सोच नहीं है। वहां रहते हुए आप जनसेवा का काम नहीं कर सकते। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के बारे में पूछे जाने पर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस जनता की भावनाओं को रिप्रेजेंट नहीं कर रही है, इसलिए उन्हें हर जगह हार का सामना करना पड़ रहा। कांग्रेस और भाजपा में जमीन आसमान का अंतर है। भाजपा के पास एक अलग विजन है, जनाधार है, एक व्यापक संगठन है। सभी लोगों के लिए अवसर है। नए नेतृत्व पैदा करने की पार्टी के पास क्षमता है। भाजपा देश में नया नेतृत्व देने में सक्षम है। कांग्रेस के पास ऐसा कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो विभाजन की बात करते हैं वे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जब वोट देने की बात होगी तो लोग देश में मोदी जी को और प्रदेश में योगी जी को ही चुनेंगे।