देश में कोरोना वायरस के मामले दिन प्रति दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। ऐसे में पश्चिम बंगाल ने कोविड-19 के हॉटस्पॉट छह शहरों से कोलकाता के लिए उड़ानों पर प्रतिबंध 15 अगस्त के लिए बढ़ा दिया गया है। इसकी जानकारी कोलकाता हवाई अड्डे ने दी।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने ट्वीट किया कि छह शहरों- दिल्ली, मुंबई, पुणे, चेन्नई, नागपुर और अहमदाबाद से कोलकाता हवाई अड्डे पर उड़ानों के आगमन पर पाबंदी 15 अगस्त 2020 तक के लिए बढ़ा दी गई है। पहले हवाई अड्डे ने कहा था कि इन शहरों से कोई भी यात्री 31 जुलाई तक विमान कोलकाता नहीं पहुंचेगा।
मालूम हो कि पश्चिम बंगाल सरकार ने संपूर्ण लॉकडाउन को लेकर अगस्त महीने के लिए सात अलग-अलग दिनों को निर्धारित किया है, ताकि राज्य में बढ़ रहे कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार पर रोक लगाई जा सके। इसके लिए सरकार ने छह घंटे में तीन बार तिथियों को बदला और आखिरकर इस नतीजे पर पहुंची कि अगस्त महीने में 5, 8, 16, 17, 23, 24 और 31 तारीख को राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लागू किया जाएगा।
तारीखों में इतने बदलाव को लेकर विपक्षी पार्टियों ने ममता सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि सरकार कोरोना रोकने में असक्षम है और केवल तुष्टीकरण का काम कर रही है। सीपीएम विधायक सुजन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि क्या ये सरकार है या कोई सर्कस।
दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को दो अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लॉकडाउन की तारीखों की घोषणा की। पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि ईद की वजह से एक अगस्त और स्वतंत्रता दिवस के कारण 15 अगस्त को लॉकडाउन लागू नहीं किया जाएगा, इसके अलावा हर सप्ताहांत में लॉकडाउन लागू किया जाएगा। यहां बताया गया कि रक्षा बंधन त्योहार 3 अगस्त को है, जिसे सरकारी कैलेंडर में 5 अगस्त कर दिया गया है।
दूसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम ममता ने अपनी गलती को स्वीकार किया और लॉकडाउन के लिए नई तारीखों का एलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्त में नौ अलग-अलग दिनों में लॉकडाउन लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कैलेंडर में कोई गलती नहीं थी। यह हमारी भूल थी।