रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने एक प्रस्ताव दिया है, जिसके जरिए कंपनी के रिटेल डिवीजन के शेयरहोल्डर अपने शेयरों को एक्सचेंज कर सकते हैं। इस प्रस्ताव के मुताबिक रिलायंस रिटेल के चार शेयरों के बदले शेयर होल्डर को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का एक शेयर दिया जाएगा। गौरतलब है कि रिलायंस रिटेल शेयर बाजार में लिस्टेड नहीं है।
डीमार्ट से है मुकाबला
कंपनी का रिटेल क्षेत्र में सीधे तौर पर डीमार्ट से मुकाबला है। इस प्रस्ताव के बाद रिलांयस रिटेल की मार्केट वैल्यू 2.5 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी। इसका सीधा फायदा रिलायंस रिटेल के कर्मचारियों को होगा, जिनको यह शेयर दिए गए हैं। हालांकि इस प्रस्ताव से किसी भी कंपनी के कैपिटल स्ट्रक्चर पर असर नहीं पड़ेगा।
इतने का मिल रहा है एक शेयर
जून के महीने में रिलायंस रिटेल का एक शेयर बाजार में 475 रुपये से 500 रुपये के बीच में मिल रहा था। यह कीमत आईटीसी के शेयर से काफी कम और डीमार्ट सुपर मार्केट को संचालित करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट की शेयर कीमत से दोगुनी है।
2024 तक होगी शेयर मार्केट में लिस्ट
रिलायंस ने अगस्त में कहा था कि वो अपनी रिटेल कंपनी को 2024 तक शेयर बाजार में लिस्ट करेगी। 2006 में कंपनी ने ग्रोसरी स्टोर के साथ कदम रखा था और अभी तक वो 14 हजार करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। कंपनी के पूरे देश में 10,644 स्टोर हैं, जिनमें से 2829 स्टोर पिछले वित्त वर्ष में खोले गए थे। यह स्टोर ग्रोसरी के अलावा लाइफस्टाइल, अपैरल और इलेक्ट्रोनिक फॉर्मेट में हैं। रिलायंस रिटेल की कुल बिक्री 1.3 लाख करोड़ रुपये रही थी।