कंपनी की दूरसंचार इकाई जियो का शुद्ध लाभ मार्च 2021 को समाप्त चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 47.5 प्रतिशत बढ़कर 3,508 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शुद्ध रूप से 1.54 करोड़ से अधिक ग्राहक जोड़े।
प्रति उपभोक्ता कमाई घटी
हालांकि इंटरकनेक्ट यूजेज चार्जेज शून्य कर उसकी जगह बिल एंड कीप (बिल काटने,अपने पास ही रखने) की जनवरी 2021 से लागू नई व्यवस्था अपनाये जाने से प्रति उपभोक्ता कमाई घटकर 138 रुपये प्रति माह पर आ गई, जो इससे पूर्व तिमाही में 151 रुपये प्रति माह थी।
रिलायंस के अनुसार उसकी टेलीकॉम कंपनीजियो प्लेटफॉर्म लि.के कुल ग्राहक 42.60 करोड़ हो गए। आलोच्य वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी ने 3.10 करोड़ नए ग्राहक जोड़े। जियो ने भी इस दौरान कोरोना की चुनौती से निपटने के लिए विभिन्न जमीनी कार्य शुरू किए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. को किराना कारोबार से रिकॉर्ड आय हुई और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में मजबूत वृद्धि से खुदरा कारोबार का कर पूर्व लाभ 41 प्रतिशत बढ़कर 3,623 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने इस दौरान 826 नए स्टोर जोड़े, जिससे उसके दुकानों की संख्या बढ़कर 12,711 पहुंच गई।
स्टोर में ग्राहक 35 से 40 फीसदी घटे
हालांकि कोविड संक्रमण बढ़ने से कंपनी का खुदरा कारोबार अप्रैल में प्रभावित हुआ है। इस दौरान ग्राहकों के स्टोर में आने की संख्या 35 से 40 प्रतिशत कम हुई है।
तेल व रसायन कारोबार से लाभ घटा
पेट्रोरसायन मार्जिन में सुधार बना हुआ है। लेकिन कोविड के कारण रिफाइनरी निम्न क्षमता पर काम कर रही है। इससे तेल और रसायन कारोबार का कर पूर्व लाभ (ईबीआईटीडीए) 4.6 प्रतिशत घटकर 11,407 करोड़ रुपये रहा।
सकल कर्ज घटकर 2.51 लाख करोड रुपये हुआ
कंपनी का सकल कर्ज मार्च 2021 के अंत में घटकर 2,51,811 करोड़ रुपये पर आ गया, जो दिसंबर 2020 के अंत में 2,57,413 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी के पास नकद राशि बढ़कर 2,54,019 करोड़ रुपये पर पहुंच गई जो इससे पहले, 2,20,524 करोड़ रुपये थी
वित्तीय परिणाम के बारे में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, 'हमने तेल और रसायन तथा खुदर क्षेत्र में अच्छा सुधार दर्ज किया है। जबकि डिजिटल सेवा कारोबार (रिलायंस जियो समेत) में मजबूत वृद्धि हुई है।'
अंबानी ने कहा कि यह भारत के लिये असाधारण चुनौतियों वाला समय है। हमारी इस समय प्राथमिकता देश और समुदाय को कोविड संकट से बाहर निकालने की है। हमने महामारी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान को मजबूती प्रदान करने को लेकर अपना बेहतरीन संसाधन लगाया है।
जामनगर रिफाइनरी से ऑक्सीजन आपूर्ति, 75 हजार को दिया रोजगार
कंपनी ने बताया कि देश में जारी महामारी से निपटने के लिए जामनगर रिफाइनरी से मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा भोजन भी प्रदान किया जा रहा है। कंपनी ने कोविड केयर हॉस्पिटल भी बनाए हैं। समीक्षाधीन वर्ष में कंपनी ने 75 हजार लोगों को रोजगार प्रदान किया है।