एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने 2,845 करोड़ रुपये में शापूरजी पालोनजी समूह की कंपनी स्टर्लिंग एंड विल्सन रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड में 40 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। गौरतलब है कि रिलायंस ने अक्तूबर 2021 में यह समझौता किया था।
इस संबंध में जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले शपूरजी पलोनजी समूह ने अमेरिकी निजी इक्विटी फर्म एडवेंट इंटरनेशनल के साथ यूरेका फोर्ब्स के लिए 4,400 करोड़ रुपये का सौदा किया था। रिलायंस अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी आरएनईएल के जरिए ये सौदा कर रही है। कंपनी ने प्राथमिक निवेश, द्वितीयक खरीद और खुली पेशकश के मेलजोल से स्टर्लिंग एंड विल्सन सोलर में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी की है।